राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए बैंक व बीमा अधिकारियों के साथ बैठक

0
IMG-20260223-WA0041.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 फरवरी 2026,

गयाजी; आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा तैयारी तेज कर दी गई है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार मदन किशोर कौशिक के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सभा कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

सचिव अरबिंद कुमार दास की अध्यक्षता में हुई बैठक

बैठक की अध्यक्षता सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरबिंद कुमार दास ने की, जिसमें विभिन्न बैंकों एवं बीमा कंपनियों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में अधिक से अधिक बैंक ऋण मामलों तथा मोटर वाहन दुर्घटना से संबंधित वादों में नोटिस जारी कर सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।

प्रखंड स्तर पर चल रहा विधिक जागरूकता अभियान

सचिव ने बताया कि पटना उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार गयाजी जिले के सभी प्रखंडों में पैरा लीगल वॉलंटियर के माध्यम से प्रतिदिन राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से बैंक ऋण वाद और मोटर दुर्घटना मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया।

आमजनों से सुलह के माध्यम से लाभ उठाने की अपील

बैठक में आम नागरिकों से अपील की गई कि बैंक ऋण से जुड़े मामलों को सुलह के आधार पर समाप्त कर राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं। साथ ही बैंक अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया।

कई बैंक और बीमा कंपनियों के अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में विभिन्न बैंकों एवं बीमा कंपनियों के अधिकारी शामिल हुए, जिनमें प्रभारी जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक संतोष कुमार सहित पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, नेशनल इंश्योरेंस कंपनी तथा न्यू इंडिया एश्योरेंस के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निपटारा कर न्यायिक प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाना बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page