मानपुर में इस्कॉन की भव्य शोभायात्रा, भक्ति और उल्लास से गूंजा क्षेत्र
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 08 फरवरी 2026,
मानपुर; इस्कॉन गयाजी द्वारा आयोजित भव्य शोभायात्रा ने मानपुर क्षेत्र को भक्ति और उल्लास के रंग में सराबोर कर दिया। श्री श्री गौर-निताई के पवित्र नाम और हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे महामंत्र के संकीर्तन से मानपुर की गलियां पूरी तरह गुंजायमान हो उठीं। श्रद्धालु भक्ति भाव से झूमते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
निर्धारित मार्ग से निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा शाम के समय इस्कॉन केंद्र से प्रारंभ होकर हनुमान मंदिर होते हुए जानीबीघा मठ पहुंची। मार्ग के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
56 भोग और भव्य आरती का आयोजन
जानीबीघा मठ पहुंचने पर श्री गौर-निताई को विधिवत 56 भोग अर्पण किया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और हरिनाम संकीर्तन के बीच भव्य आरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया।
विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
शोभायात्रा के पूर्व एवं पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में सेवाभाव और अनुशासन देखने योग्य रहा।
10 फरवरी को गयाजी में होगी अगली शोभायात्रा
इस्कॉन गयाजी से जुड़े जगदीश श्याम दास ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी प्रकार की भव्य शोभायात्रा आगामी 10 फरवरी को दोपहर 2 बजे गयाजी में आयोजित की जाएगी। उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इसमें सहभागी बनने का आग्रह किया।