मानपुर में महाशिवरात्रि पर उमड़ी आस्था की लहर, शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 15 फरवरी 2026,
मानपुर (गयाजी): महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मानपुर क्षेत्र शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। सुबह से ही विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। भक्तों ने व्रत रखकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की तथा शिवलिंग पर जल, दूध, दही, शहद और बेलपत्र अर्पित कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
बंगाली आश्रम में विशेष पूजन
मानपुर स्थित बंगाली आश्रम में महाशिवरात्रि को लेकर विशेष पूजा-अर्चना और शिव विवाह का आयोजन किया गया। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा और श्रद्धालु ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे।
पंचमुखी महादेव मंदिर में उमड़ी भीड़
पंचमुखी महादेव मंदिर में सुबह चार बजे से ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर गंगाजल और बेलपत्र चढ़ाते रहे। मंदिर परिसर में स्वयंसेवकों द्वारा व्यवस्था संभाली गई, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
लक्खीबाग स्थित शिव मंदिर में भव्य आयोजन
लक्खीबाग स्थित शिव मंदिर में भी महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष श्रृंगार किया गया। शाम के समय आरती और भजन संध्या का आयोजन हुआ, रात्रि में शिव पार्वती विवाह का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कई भक्तों ने रात्रि जागरण कर शिव स्तुति और महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया।
अन्य शिवालयों में भी रही चहल-पहल
मानपुर के अन्य छोटे-बड़े शिव मंदिरों में भी दिनभर पूजा-पाठ और भंडारे का आयोजन होता रहा। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की उन्नति के लिए भगवान शिव से प्रार्थना की। महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर मानपुर में आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे दिन क्षेत्र ‘जय शिव शंकर’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजता रहा।