सरस्वती पूजा को लेकर जिले भर में उत्साह, विराजमान हुई माँ सरस्वती की प्रतिमा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 जनवरी 2026,
गयाजी; विद्या, बुद्धि और कला की देवी मां सरस्वती की पूजा को लेकर जिले भर में उत्साह का माहौल है। सरस्वती पूजा के अवसर पर शैक्षणिक संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और विभिन्न पूजा समितियों द्वारा भव्य आयोजन की तैयारियां की गई। जगह-जगह आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं और मां सरस्वती की प्रतिमा को विराजमान कर उनकी पूजा अर्चना की गई।
विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में विशेष रूप से सरस्वती पूजा को लेकर छात्र-छात्राओं में खास उत्साह देखा गया। इस दिन विद्यार्थी मां सरस्वती से विद्या, ज्ञान और सफलता का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना करते हैं। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
प्रशासन द्वारा सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है। वहीं यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखी।
सरस्वती पूजा को लेकर जिले में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक रंग और सामाजिक सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है। सभी वर्गों के लोग इस पर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने में जुटे हुए हैं।

