औचक निरीक्षण में बड़ी कार्रवाई: 300 से अधिक पदाधिकारी-कर्मी अनुपस्थित, डीएम ने वेतन रोका

0
1765863330143.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 15 दिसंबर 2025,

जहानाबाद; जिले में सरकारी योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय के निर्देश पर प्रखंड, अंचल, नगर निकाय एवं पंचायत स्तर पर लगातार औचक निरीक्षण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अनियमितता बरतने और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों व कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई का आदेश दिया गया है।

दिनांक 03 दिसंबर 2025 को पंचायत सरकार भवनों के निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में कर्मी अनुपस्थित पाए गए। जांच में 34 ग्राम कचहरी सचिव, 8 कार्यपालक सहायक, 53 न्याय मित्र, 28 आवास सहायक, 18 पंचायत रोजगार सेवक, 29 किसान सलाहकार, 21 विकास मित्र एवं 14 स्वच्छता पर्यवेक्षक अनुपस्थित मिले। सभी अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिया गया है। स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के क्रम में यह भी सामने आया कि कई पदाधिकारी एक से अधिक पंचायतों में प्रतिनियुक्त हैं। अब तक संकलित जांच प्रतिवेदन के आधार पर 40 पंचायतों में लेखपाल, 48 पंचायतों में तकनीकी सहायक, 49 पंचायतों में राजस्व कर्मचारी, 52 पंचायतों में कृषि सलाहकार एवं 19 पंचायतों में पंचायत सचिव निरीक्षण के दिन अनुपस्थित पाए गए।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अनुपस्थित कर्मियों का रोस्टर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही 03 दिसंबर 2025 का वेतन स्पष्टीकरण का जवाब संतोषजनक मिलने तक अवरुद्ध रखने का आदेश भी जारी किया गया है।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि सरकारी योजनाओं में लापरवाही, अनुपस्थिति और अनियमितता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। औचक निरीक्षण की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page