जहानाबाद में ऑटो व ई-रिक्शा के लिए रूट आवंटन, 120 वाहनों का चयन

0
1771695697978.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 21 फरवरी 2026,

जहानाबाद; बिहार सरकार की “इज ऑफ लिविंग” पहल के तहत शहरी यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से जहानाबाद में ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा के लिए रूट आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडे के निर्देश पर शनिवार 21 फरवरी 2026 को समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में लॉटरी के माध्यम से 120 वाहन मालिकों को रूट आवंटित किया गया।

अपर समाहर्ता की उपस्थिति में हुई लॉटरी प्रक्रिया

लॉटरी प्रक्रिया अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार सिन्हा की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। प्रशासन द्वारा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए वाहन स्वामियों की मौजूदगी में लॉटरी कराई गई तथा इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई।

715 आवेदन में से 213 वाहन पाए गए योग्य

जिला परिवहन पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि जहानाबाद शहरी क्षेत्र के पाँच प्रमुख रूटों के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से कुल 715 आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच एवं दावा-आपत्ति प्रक्रिया के बाद 213 वाहन योग्य पाए गए। इनमें से प्राथमिकता और लॉटरी के आधार पर 120 वाहन मालिकों को प्रथम चरण में रूट आवंटित किया गया है, जबकि शेष 93 वाहनों की कलर कोडिंग प्रक्रिया एक से दो दिनों में पूरी की जाएगी।

कलर कोडिंग और वेंडिंग जोन से सुधरेगा यातायात

जिला परिवहन विभाग द्वारा ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा के लिए कलर कोडिंग और निर्धारित वेंडिंग जोन की व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि शहर में अनियंत्रित यातायात पर नियंत्रण हो सके और आम लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।

शेष वाहन मालिकों को दस्तावेज अद्यतन कराने का निर्देश

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि शेष 502 वाहन मालिक अपने वाहनों के कागजात अद्यतन कर जिला परिवहन कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन की जांच के बाद प्रत्येक सप्ताह उपलब्ध रिक्ति के अनुसार योग्य वाहनों को रूट में शामिल किया जाएगा। यह प्रक्रिया तब तक जारी रहेगी जब तक निर्धारित रूट की कैरिंग कैपेसिटी पूरी नहीं हो जाती।

अधिकारी, कर्मचारी और संघ के प्रतिनिधि रहे उपस्थित

लॉटरी कार्यक्रम में मोटरयान निरीक्षक बृजकिशोर कुमार, आईटी मैनेजर कृष्ण कुमार सहनी, जिला आपदा प्रबंधन शाखा के प्रतिनिधि अभिषेक कुमार सहित जिला परिवहन कार्यालय के कर्मी और ऑटो-ई रिक्शा संघ के पदाधिकारी एवं वाहन मालिक उपस्थित रहे।

लॉटरी के दौरान उपस्थित लोग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page