जहानाबाद जिला प्रशासन ठंड से निपटने के लिए सक्रिय, 75 स्थानों पर अलाव और जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण जारी
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 26 दिसंबर 2025,
जहानाबाद। जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला पदाधिकारी जहानाबाद अलंकृता पाण्डेय के नेतृत्व में जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आम लोगों को ठंड से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अबतक कुल 75 स्थानों पर दैनिक रूप से इसकी व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण अभियान भी तेज़ी से जारी है, जिसकी निगरानी संबंधित पदाधिकारी लगातार कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने अपील की है कि जिलेवासी उपलब्ध कंबल, बिस्तर या अन्य सुविधाओं का पूर्ण रूप से उपयोग करें। जहाँ सामुदायिक केन्द्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की गई है, वहाँ जाकर लोग लाभ उठा सकते हैं। साथ ही, पशुपालकों से भी प्रशासन ने आग्रह किया है कि पशुओं को ठंड से बचाने के लिए उचित प्रबंध करें। यदि पशु बीमार हों तो तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें। कोयले की अंगीठी, मिट्टी के तेल के चूल्हे या हीटर का उपयोग करते समय सावधानी बरतें और कमरों को हमेशा हवादार रखें ताकि जहरीले धुएँ से कोई नुकसान न हो।
मौसम की जानकारी नियमित रूप से लें
प्रशासन ने जिला वासियों से मौसम विभाग, समाचार पत्र, रेडियो, टीवी या मोबाइल के माध्यम से मौसम की अद्यतन जानकारी लेते रहने की अपील की है। आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) के टॉल-फ्री नंबर 1070 या नंबर 0612-2294204/205, मोबाइल 7070290170 पर संपर्क किया जा सकता है।
ठंड में तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति सावधान रहें
ठंड के दिनों में कई स्वास्थ्य समस्याएँ बढ़ जाती हैं। प्रशासन ने लोगों को इनके बारे में सजग रहने को कहा है—
▫️उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और मधुमेह से पीड़ित मरीज चिकित्सक की सलाह के अनुसार अपनी आपातकालीन मेडिकल किट तैयार रखें।
▫️शीतदंश (Frostbite) के लक्षणों को पहचानें — हाथ-पैर की उंगलियों, कान व नाक पर सफेद या पीले दाग उभर आना।
▫️धुंध और वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने से सांस संबंधी मरीजों को विशेष सावधानी की जरूरत होती है।
▫️हाइपोथर्मिया के लक्षण — याददाश्त कमजोर होना, लगातार ठिठुरन, सुस्ती, थकान, तुतलाना, असंबद्धता आदि दिखने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जाएँ।
जिला पदाधिकारी ने कहा है कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जनता के बीच राहत पहुंचाने में जुटा है और ठंड के प्रकोप से किसी भी नागरिक को परेशानी न हो, इसके लिए निरंतर निगरानी की जा रही है।