बराबर पहाड़ी में पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान: जिलाधिकारी ने रोपवे परियोजना का किया निरीक्षण
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 23 दिसंबर 2025,
जहानाबाद। ऐतिहासिक महत्व और नैसर्गिक रमणीयता से परिपूर्ण बराबर पहाड़ को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने निर्माणाधीन रोपवे परियोजना का स्थल निरीक्षण किया और कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
गुणवत्ता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले की पहचान बदलने वाली है, इसलिए हर कार्य मानकों के अनुरूप व समयसीमा के भीतर पूरा होना चाहिए।
विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मिलेगी गति
रोपवे संचालन के लिए आवश्यक बिजली कनेक्शन और अन्य तकनीकी तैयारियों को तीव्र गति से पूरा करने का निर्देश विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को दिया गया। डीएम ने कहा कि बिजली व्यवस्था समय पर तैयार होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि रोपवे सेवा बिना किसी बाधा के शुरू की जा सके।
पर्यटन विकास को मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन
जिलाधिकारी ने कहा कि बराबर पहाड़ ऐतिहासिक संपदा है और रोपवे शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से बुजुर्ग एवं दिव्यांगजन आसानी से पहाड़ी क्षेत्र का भ्रमण कर सकेंगे, जिससे पर्यटन को नई दिशा और गति मिलेगी।
समन्वय से तेजी आएगी काम में
निरीक्षण के अंत में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द से जल्द जनता और पर्यटकों के लिए समर्पित किया जा सके। बराबर पहाड़ी में रोपवे संचालित होने से जहानाबाद जिला पर्यटन के नए मानचित्र पर मजबूती से उभरेगा।