India’s Got Talent के जादूगर कुमार सात्विक ने किलकारी के बच्चों को दिखाया अपना जादू
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 फरवरी 2026,
गयाजी; बिहार बाल भवन किलकारी, गयाजी में रविवार को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें India’s Got Talent में अपनी प्रस्तुति दे चुके जादूगर कुमार सात्विक ने बच्चों के बीच शानदार मैजिक शो प्रस्तुत किया। गयाजी के ही मूल निवासी सात्विक ने अपने अनोखे जादू से बच्चों का दिल जीत लिया।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी आकाश कुमार, सीआरपी सोनम कुमारी, नृत्य प्रशिक्षक गौतम कुमार गोलू सहित किलकारी के प्रशिक्षक एवं बच्चे उपस्थित रहे।
जादू के करतबों ने बच्चों को किया उत्साहित
प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चों को जादू देखना बेहद पसंद होता है और कुमार सात्विक ने कार्ड ट्रिक, हाथ की सफाई और मंचीय जादू के माध्यम से बच्चों को रोमांचित कर दिया। करीब 200 बच्चों ने कार्यक्रम में भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ प्रस्तुति का आनंद लिया।
जादूगर सात्विक ने किलकारी के बच्चों को सराहा
जादूगर कुमार सात्विक ने कहा कि जादू एक कला है, जिसमें बारीकी और अभ्यास की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने किलकारी के बच्चों द्वारा तैयार पेंटिंग, क्राफ्ट, मूर्तिकला तथा नृत्य-संगीत प्रस्तुतियों की भी सराहना की और कहा कि किलकारी बच्चों को प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच प्रदान कर रही है।
बच्चों की प्रस्तुति और डायरी वितरण
कार्यक्रम के दौरान नृत्य विधा के बच्चों ने भी आकर्षक प्रस्तुति दी। अंत में बच्चों के बीच किलकारी डायरी का वितरण सोनम कुमारी और आकाश कुमार द्वारा किया गया।आयोजन को सफल बनाने में बिहार बाल भवन किलकारी के सभी प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।