अंतर राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत गयाजी के स्वयंसेवक गंजाम (उड़ीसा) पहुंचे
आर्यावर्त वाणी | गयाजी/उड़ीसा | 19 फरवरी 2026,
गयाजी/उड़ीसा। Ministry of Youth Affairs and Sports (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में “मेरा युवा भारत” पहल के अंतर्गत पांच दिवसीय अंतर राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 20 फ़रवरी से 24 फ़रवरी 2026 तक गंजाम जिला में आयोजित होगा, जिसमें गयाजी जिले के चयनित युवा स्वयंसेवक भाग लेने के लिए आज उड़ीसा पहुंचे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विभिन्न राज्यों और जिलों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक समन्वय, सामाजिक जागरूकता तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।
गंजाम (उड़ीसा): महत्वपूर्ण सांस्कृतिक क्षेत्र
गंजाम जिला ओडिशा का एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्र माना जाता है, जहां विविध परंपराओं और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सीखने और अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
गयाजी जिले से कुल 8 चयनित प्रतिभागी
इस शिविर में गयाजी जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 8 प्रतिभाशाली स्वयंसेवकों का चयन किया गया है। चयनित प्रतिभागियों में—
🔹अतरी प्रखंड से: रितिक रौशन, शशि कुमार
🔹नगर क्षेत्र से: विशाल कुमार, नंदनी कुमारी
🔹टेकारी से: मैक्स कुमार
🔹आमस से: राहुल कुमार
🔹फतेहपुर प्रखंड से: रिद्धि गांधी, पूजा कुमारी
इन सभी प्रतिभागियों का चयन उनकी सामाजिक सक्रियता, अनुशासन तथा रक्तदान शिविर और जागरूकता अभियानों में निरंतर भागीदारी के आधार पर किया गया है।
युवाओं ने जताया उत्साह
अतरी प्रखंड के स्वयंसेवक रितिक रौशन ने बताया कि यह आदान-प्रदान कार्यक्रम युवाओं को नई संस्कृतियों को समझने का अवसर देगा और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करेगा। वहीं नगर प्रखंड के विशाल कुमार ने कहा कि प्रतिभागियों का चयन उनकी सामाजिक सेवा और विभिन्न कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है, जिससे वे अपने जिले का बेहतर प्रतिनिधित्व कर सकें।
जिला युवा अधिकारी का संदेश
जिला युवा अधिकारी पवन कुमार ने सभी प्रतिभागियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे गंजाम में आयोजित प्रत्येक गतिविधि में पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ भाग लें तथा अपने जिले और राज्य का नाम रोशन करें।