गयाजी में हुआ भव्य रोजगार मेले का आयोजन, सैकड़ों युवाओं का ऑन द स्पॉट चयन
आर्यावर्त वाणी| गयाजी | 08 फरवरी 2026,
गयाजी; रविवार दिनांक 8 फरवरी 2026 को गयाजी जिले के टेकूना फार्म स्थित हंसराज पब्लिक स्कूल के प्रांगण में एक विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले का आयोजन मनीष कुमार कश्यप एवं उनकी टीम द्वारा किया गया, जिसमें गयाजी जिले सहित आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में बेरोजगार युवकों ने भाग लिया।
देश की नामचीन कंपनियों ने लिया हिस्सा
रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, SIS, उत्कर्ष बैंक, उज्जीवन बैंक, SBI कार्ड्स, पेटीएम, फोन पे, भारत पे, सिंदूजा फाइनेंस, L&T फाइनेंस, फ्यूजन फाइनेंस, DGT फाइनेंस सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और युवाओं का चयन किया। मेले के दौरान सैकड़ों युवाओं का ऑन द स्पॉट चयन किया गया।
पूरी प्रक्रिया रही बिल्कुल निःशुल्क
मेले की सबसे खास बात यह रही कि चयन की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क थी। किसी भी बेरोजगार युवक से आवेदन या चयन के नाम पर एक रुपया भी नहीं लिया गया, जिससे युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
SIS में 350 युवाओं का चयन
SIS सिक्योरिटी कंपनी में 350 युवाओं का चयन किया गया। चयनित युवाओं को एक महीने की ट्रेनिंग के बाद नौकरी दी जाएगी। बिहार के भीतर तैनाती पर 15 हजार से 18 हजार रुपये तथा बिहार के बाहर ड्यूटी के लिए सहमत युवाओं को 18 हजार से 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।
टाटा मोटर्स में अलग-अलग यूनिट के लिए चयन
टाटा मोटर्स सनंद (गुजरात) प्लांट के लिए 135 युवाओं का चयन किया गया, जिन्हें 16,648 रुपये की बेसिक सैलरी दी जाएगी।
वहीं टाटा मोटर्स जमशेदपुर में डिप्लोमा कोर्स के लिए 96 युवकों का चयन किया गया, जिन्हें ट्रेनिंग के साथ-साथ 13,365 रुपये मासिक वेतन मिलेगा।
बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर में भी बड़े पैमाने पर चयन
उत्कर्ष बैंक, उज्जीवन बैंक और SBI कार्ड्स में करीब 300 बेरोजगार युवकों का चयन किया गया। चयनित युवाओं को ड्राइविंग लाइसेंस सत्यापन के बाद नियुक्ति दी जाएगी, जिनकी बेसिक सैलरी 15 हजार रुपये से अधिक होगी। इसके अलावा पेटीएम, फोन पे और भारत पे में 66 युवकों का चयन किया गया।
फाइनेंस कंपनियों में 200 से अधिक युवाओं का चयन किया गया, जिन्हें पुलिस वेरिफिकेशन के बाद कार्य पर रखा जाएगा।
शिक्षण संस्थानों ने भी किया चयन
रोजगार मेले में कई स्कूलों ने भी भाग लिया, जिन्हें सब्जेक्ट टीचर, कंप्यूटर टीचर, असिस्टेंट टीचर और अन्य स्टाफ की आवश्यकता थी। Curio इंटरनेशनल स्कूल द्वारा 150 युवाओं के रिज्यूमे लिए गए, जिन्हें डेमो क्लास के बाद चयनित किया जाएगा।
विदेशी अवसर भी बने आकर्षण का केंद्र
मेले की एक बड़ी उपलब्धि यह रही कि दुबई की मशरक बैंक ने भी भाग लिया। बैंक द्वारा चार अभ्यर्थियों में से दो युवाओं का चयन कर उन्हें ऑफर लेटर दिया गया। इनमें से एक को 1.72 लाख रुपये तथा दूसरे को 42 हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा।
मगध-शाहाबाद को बेरोजगारी मुक्त करने का संकल्प
आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी प्रतिबद्धता मगध और शाहाबाद क्षेत्र को बेरोजगारी से मुक्त करने की दिशा में निरंतर प्रयास करने की है।