भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की बैठक, पत्रकारों की सुरक्षा, बीमा और संगठन विस्तार पर हुई चर्चा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 08 मार्च 2026,
गयाजी; भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की द्वितीय बैठक रविवार को गयाजी के मानपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के गयाजी जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने की, जबकि संचालन उपाध्यक्ष अमित कुमार ने किया।
बैठक में संगठन के संस्थापक शाहनवाज हसन तथा प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार भूषण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान पत्रकारों के हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पत्रकारों की सुरक्षा और स्वास्थ्य बीमा पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए संस्थापक शाहनवाज हसन ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि संगठन के विस्तार के साथ-साथ संघ से जुड़े पत्रकारों को पहचान पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा और सभी पत्रकारों के लिए दो लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी।
पत्रकार को मिली धमकी पर जताई नाराजगी
प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार भूषण ने मानपुर के खोज न्यूज के पत्रकार अमित सिंह को अज्ञात नंबर से मिली धमकी की घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर संगठन के प्रतिनिधि जल्द ही वरीय पुलिस अधीक्षक गयाजी से मुलाकात कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पत्रकारों को जान से मारने की धमकी देने वाले या उनके खिलाफ साजिश रचने वाले लोगों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान का बैठक में उपस्थित सभी पत्रकारों ने एक स्वर में समर्थन किया।
कई पत्रकार और समाजसेवी रहे मौजूद
बैठक में संगठन के महासचिव दिलीप कुमार, मायानाथ न्यूज के संस्थापक एवं समाजसेवी डॉ रामानुज महाराज, गया न्यूज के संचालक विवेक कुमार सहित विकास कुमार, रमेश कुमार, राजु कुमार, रविकांत पटेल, संदीप कुमार, चुनूं कुमार और चंदन कुमार समेत कई पत्रकार उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया गया।