गयाजी में पेंशनधारियों के लिए जीवन प्रमाणीकरण अनिवार्य, 31 मार्च अंतिम तिथि

0
1774774863482.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 28 मार्च 2026,

गयाजी; जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लाभार्थियों के लिए जीवन प्रमाणीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 31 मार्च 2026 तक जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने वाले पेंशनधारियों की पेंशन रोक दी जाएगी।

CSC केंद्रों पर निःशुल्क हो रहा प्रमाणीकरण

कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से 22 दिसंबर 2025 से निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया जारी है। पेंशनधारी अपने आधार कार्ड, बैंक खाता संख्या या लाभार्थी संख्या के आधार पर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

1.70 लाख से अधिक पेंशनधारी अब भी लंबित

जिले में अब तक 1,70,641 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण नहीं हो पाया है। प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार मानपुर (10,148), मोहनपुर (9,607), बेलागंज (7,999) और खिजरसराय (7,538) में सबसे अधिक मामले लंबित हैं।

वृद्ध और दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था

अति वृद्ध और दिव्यांग पेंशनधारियों के लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। फिंगरप्रिंट से प्रमाणीकरण संभव नहीं होने पर आईरिस (आंख) के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा।
इसके अलावा जो पेंशनधारी बिस्तर पर हैं, उनके लिए घर-घर जाकर प्रमाणीकरण कराने का निर्देश दिया गया है।

आधार अपडेट नहीं होने पर करें सुधार

यदि किसी पेंशनधारी का बायोमैट्रिक अपडेट नहीं है, तो उन्हें नजदीकी आधार केंद्र पर जाकर इसे अपडेट कराने की सलाह दी गई है। जिनका आधार कार्ड नहीं बना है, उन्हें जल्द से जल्द आधार बनवाकर प्रखंड कार्यालय में अपडेट कराना होगा।

शुल्क लेने पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि CSC केंद्रों पर जीवन प्रमाणीकरण पूरी तरह निःशुल्क है। यदि किसी केंद्र द्वारा शुल्क लेने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मृत पेंशनधारियों की सूचना देना अनिवार्य

CSC संचालकों को निर्देश दिया गया है कि यदि किसी पेंशनधारी की मृत्यु की सूचना मिलती है, तो इसकी जानकारी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को तत्काल दें।

जिला प्रशासन ने सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि अंतिम तिथि से पहले जीवन प्रमाणीकरण अवश्य करवा लें, ताकि पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page