सिकड़िया मोड़ बस स्टैंड पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 23 दुकानें सील

0
1771259356989.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 16 फरवरी 2026,

गयाजी। गया नगर निगम ने सोमवार को बकाया किराया और अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए सिकड़िया मोड़ बस स्टैंड परिसर में व्यापक कार्रवाई की। नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया के निर्देश पर निगम की 38 दुकानों में से 29 पर कार्रवाई की गई, जिनमें 23 दुकानों को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई उन दुकानदारों के विरुद्ध की गई, जिन्होंने वर्षों से निगम को किराया जमा नहीं किया था।

प्रशासनिक निगरानी में हुई कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान नगर प्रबंधक, रामपुर थाना के थानाध्यक्ष, दंडाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों की निगरानी में एक-एक कर दुकानों को सील किया गया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी संपत्ति के उपयोग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शेष दुकानों पर भी कार्रवाई तय

निगम अधिकारियों के अनुसार शेष छह दुकानों पर भी कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली गई है। यदि बकाया किराया जमा नहीं किया गया तो मंगलवार को उन्हें भी सील किया जाएगा।

अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया

दुकानों को सील करने के साथ-साथ बस स्टैंड परिसर में अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। ठेला, गुमटी और अन्य अस्थायी ढांचों को हटाया गया, जिससे यात्रियों की आवाजाही सुगम हो सके। इसके अलावा विशेष सफाई अभियान चलाकर पूरे परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया।

पूर्व निरीक्षण के बाद हुई कार्रवाई

गौरतलब है कि इससे पूर्व नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने स्वयं सिकड़िया मोड़ बस स्टैंड का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण और बकाया किराया को लेकर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे। उसी के आलोक में यह कार्रवाई की गई।

आम लोगों ने किया स्वागत

नगर निगम की इस कार्रवाई से जहां बकायेदार दुकानदारों में हड़कंप मचा है, वहीं यात्रियों और स्थानीय लोगों ने इस कदम का स्वागत किया है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि शहर के अन्य इलाकों में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page