गयाजी में बाज़ार से लौट रही 14 वर्षीय अपहृता सकुशल बरामद, एक बालक निरुद्ध
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 17 मार्च 2026,
गयाजी; जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अपहरण की एक घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मां की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पीड़िता की मां ने 26 फरवरी 2026 को मुफस्सिल थाना में लिखित आवेदन देकर बताया था कि उनकी पुत्री रूपांजली कुमारी (बदला हुआ नाम ) बाजार गई थी, लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटी। परिजनों द्वारा खोजबीन करने पर जानकारी मिली कि एक बालक अपने परिजनों और दोस्तों के सहयोग से लड़की को लेकर चला गया है। इस आधार पर पुलिस ने मुफस्सिल थाना में कांड दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार थानाध्यक्ष मुफस्सिल थाना ने सूचना संकलन और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान मामले में संलिप्त एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
मां ने लगाया था बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
पीड़िता की मां ने अपने आवेदन में आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर गलत नीयत से भगाकर ले जाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जब वे आरोपी के घर पूछताछ करने गईं तो वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकी दी।