गयाजी में माँ मथुरासिनी प्राण-प्रतिष्ठा सह शतचंडी महायज्ञ संपन्न, पांच दिवसीय महोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 मार्च 2026,
गयाजी; माहुरी वैश्य मंडल गयाजी के तत्वावधान में आयोजित माँ मथुरासिनी प्राण-प्रतिष्ठा सह शतचंडी महायज्ञ का पांच दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ सोमवार दिनांक 02 मार्च 2026 को पूरे विधि विधान के साथ संपन्न हो गया। पूरे आयोजन के दौरान शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
महोत्सव के तीसरे दिन माँ मथुरासिनी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। अबीर-गुलाल और जयकारों के बीच निकली इस नगर भ्रमण यात्रा में समाज की महिलाओं और श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए शोभायात्रा ने धार्मिक उत्साह का वातावरण बना दिया। संध्या में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम में भी श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही।
विधि-विधान से संपन्न हुआ प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम
चौथे दिन मंडल प्रांगण में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित महाआरती में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की तथा माँ मथुरासिनी को 256 प्रकार के भोग अर्पित किए गए। संध्या में आयोजित रामकथा प्रवचन का वाचन आचार्य दीपक जी पांडे द्वारा किया गया, जिनके प्रेरक प्रवचनों से श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
हवन, पूर्णाहुति और कन्या पूजन के साथ हुआ समापन
पांच दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन पूजन, श्रृंगार, हवन, पूर्णाहुति एवं कन्या पूजन के साथ कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ। समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने फूलों की होली खेली, जिससे पूरा मंडल प्रांगण भक्तिरस और उल्लास से सराबोर हो गया।
इस दौरान डॉ. प्रेम कुमार, बिहार विधानसभा अध्यक्ष सह गया के विधायक, ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर माँ मथुरासिनी की पूजा-अर्चना की और आयोजन की सराहना की।
सामाजिक एकता और आस्था का प्रतीक बना आयोजन
मंडल के सचिव अमित कुमार पिंटू ने कहा कि यह आयोजन समाज के सामूहिक सहयोग, समर्पण और आस्था का परिणाम है। उन्होंने सभी समाजजनों, श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगी संगठनों का आभार व्यक्त किया। साथ ही माहुरी वैश्य मंडल नवयुवक समिति और महिला समिति के सक्रिय योगदान की भी सराहना की।
उन्होंने जानकारी दी कि मंडल प्रांगण में आगामी 11 मार्च को माँ मथुरासिनी महोत्सव, 13 मार्च को भव्य जागरण तथा 15 मार्च को महाभंडारा का आयोजन किया जाएगा। समाज के लोगों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई।