ई-केवाईसी व फार्मर आईडी विशेष कैम्प की प्रगति की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

0
1770402567690.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 06 फरवरी 2026,

गयाजी; जिला पदाधिकारी द्वारा किसानों के ई-केवाईसी एवं फार्मर आईडी निर्माण को लेकर आयोजित विशेष कैम्प में अब तक हुई प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कैम्प में अधिक-से-अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मर आईडी का निर्माण राज्य सरकार की उच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि किसान बंधुओं की सुविधा एवं सहायता के उद्देश्य से सरकार द्वारा चलाए जा रहे तृतीय चरण के विशेष अभियान (2 से 6 फरवरी) की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 11 फरवरी कर दिया गया है। इससे अधिक-से-अधिक किसान अपना फार्मर आईडी बनवा सकेंगे और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार गयाजी जिला अंतर्गत सभी पंचायतों में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। किसानों से अपील की गई कि वे निर्धारित शिविरों में पहुँचकर अपना फार्मर आईडी अवश्य बनवाएँ, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुचारू रूप से मिल सके। जिलाधिकारी ने यह भी आश्वस्त किया कि किसानों की सुविधा के लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।

किसानों की सहायता के लिए कृषि विभाग का हेल्पलाइन नंबर 18001801551 तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का हेल्पलाइन नंबर 18003456215 जारी किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान हेतु किसान जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक अथवा किसान सलाहकार से भी संपर्क कर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त सीएससी/वसुधा केंद्रों पर फार्मर रजिस्ट्री की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध है। किसान स्वयं भी ऑनलाइन पोर्टल bhfr.agristack.gov.in/farmer-registr… के माध्यम से घर बैठे अपना फार्मर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। प्रशासन ने किसानों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page