रसोई गैस आपूर्ति को लेकर डीएम की समीक्षा बैठक, जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक सुरक्षित
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 16 मार्च 2026,
जहानाबाद; जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में घरेलू एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी गैस वितरण एजेंसियों के प्रबंधक तथा गैस आपूर्ति कंपनियों के क्षेत्रीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान जिले में रसोई गैस की उपलब्धता, स्टॉक मिसमैच और शहरी क्षेत्रों में लंबित आपूर्ति (पेंडेंसी) की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिले में गैस की कोई कमी नहीं
बैठक में वितरण एजेंसियों ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में कुछ एजेंसियों के पास तत्काल स्टॉक कम होने और उपभोक्ताओं द्वारा पैनिक बुकिंग किए जाने के कारण आपूर्ति में देरी की स्थिति उत्पन्न हुई है। हालांकि पेट्रोलियम कंपनियों और स्थानीय एजेंसियों ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू रसोई गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
25 दिन से पहले नहीं होगी नई डिलीवरी
गैस एजेंसियों के प्रबंधकों ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं को पिछली आपूर्ति हुए 25 दिन पूरे नहीं हुए हैं, वे अनावश्यक बुकिंग या एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। तकनीकी कारणों से 25 दिन पूरे होने से पहले नई डिलीवरी संभव नहीं है। जैसे ही 25 दिन पूरे होंगे, एक से दो दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी।
पेंडेंसी कम करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने गैस आपूर्ति कंपनियों को अतिरिक्त आपूर्ति प्राप्त कर आपसी समन्वय के साथ उपभोक्ताओं को समय सीमा के भीतर गैस उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही एजेंसियों को पहले बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस आपूर्ति करने और लंबित बुकिंग का बैकलॉग जल्द खत्म करने को कहा गया।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अनधिकृत बिक्री पर कड़ी नजर रखी जाए। इसके लिए पुलिस प्रशासन के सहयोग से विशेष निगरानी अभियान चलाकर गैस एजेंसियों, गोदामों और वितरण प्रणाली की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
शिकायत के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
डीएम ने कहा कि यदि कहीं भी गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित व्यक्तियों और एजेंसियों के खिलाफ तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। आम जनता अपनी शिकायत जिला कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 06114-223013 पर भी दर्ज करा सकते है।