सीयूएसबी में ‘इमर्जिंग ट्रेंड्स इन प्रिंट एंड डिजिटल मीडिया’ पर दो दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न

0
IMG-20260325-WA0004.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 मार्च 2026,

गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के जनसंचार एवं मीडिया विभाग द्वारा “इमर्जिंग ट्रेंड्स इन प्रिंट एंड डिजिटल मीडिया” विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. के. शिव शंकर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य मीडिया के विद्यार्थियों को पत्रकारिता के समकालीन रुझानों और चुनौतियों से परिचित कराना था।

प्रभात खबर के जनार्दन पांडेय ने साझा किया अनुभव

कार्यशाला में मुख्य संसाधन विशेषज्ञ के रूप में प्रभात खबर के रेजिडेंट एडिटर एवं नेशनल डिजिटल हेड जनार्दन पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रिंट और डिजिटल मीडिया के उभरते आयामों से छात्रों को अवगत कराया। एमजेएमसी और एकीकृत कार्यक्रम के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने आधुनिक न्यूज़रूम की कार्यप्रणाली, बदलते मीडिया स्वरूप और पत्रकारिता की नई चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।

सरल भाषा और संक्षिप्त लेखन पर दिया जोर

जनार्दन पांडेय ने विद्यार्थियों को ‘इंडस्ट्री-रेडी’ बनने के लिए नियमित रूप से समाचारों का अध्ययन करने और विषयगत विशेषज्ञता विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एक अच्छे पत्रकार को कम शब्दों में अधिक बात कहने की कला आनी चाहिए। जटिल शब्दों के बजाय सरल और स्पष्ट भाषा का प्रयोग पत्रकारिता की प्रभावशीलता बढ़ाता है।

न्यूजपेपर संरचना पर दी विशेष मास्टर क्लास

उन्होंने समाचार पत्र की संरचना पर विशेष मास्टर क्लास देते हुए विभिन्न पृष्ठों की भूमिका और सामग्री के प्रस्तुतीकरण की बारीकियों को विस्तार से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे हर दिन एक अनुभवी पत्रकार की तरह सोचें और अपने स्तर पर समाचार पत्र का प्रथम पृष्ठ तैयार करने का अभ्यास करें। इससे पत्रकारिता कौशल को विकसित करने में मदद मिलती है।

पत्रकारिता में करियर के अवसरों पर भी चर्चा

मुख्य वक्ता ने न्यूज़रूम की वर्तमान पदानुक्रम संरचना, विभिन्न जॉब प्रोफाइल्स और प्रभावशाली सीवी तैयार करने के तरीकों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने प्रशिक्षण काल का अधिकतम लाभ उठाकर शीघ्र पेशेवर जीवन में प्रवेश करने के लिए प्रेरित किया।

प्राध्यापकों ने भी साझा किए विचार

जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि कार्यशाला के दौरान विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. आतिश पराशर ने कहा कि बदलते मीडिया परिदृश्य को समझने के लिए ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। समापन सत्र में विभागाध्यक्ष प्रो. के. शिव शंकर ने अतिथि वक्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।

कई शिक्षक और विद्यार्थी रहे उपस्थित

इस अवसर पर सह-प्राध्यापक डॉ. सुजीत कुमार और डॉ. अनिंद्य देब, सहायक प्राध्यापक डॉ. नेहा सूर्यवंशी, कार्यशाला संयोजक डॉ. अनुज कुमार सिंह तथा तकनीकी सहायक मोहम्मद नूर अली इमाम हसन सहित विभाग के कई शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page