कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में CUSB के छात्राओं का शानदार प्रदर्शन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 05 मार्च 2026,
गयाजी; दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस की छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर की मूट कोर्ट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। Shyambazar Law College, कोलकाता में आयोजित तृतीय इंटर-कॉलेज मूट कोर्ट प्रतियोगिता (ICMCC-3.0) में सीयूएसबी की टीम ने ‘प्रथम रिसर्चर’ का खिताब जीतने के साथ द्वितीय उपविजेता का स्थान भी प्राप्त किया।
3000 रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित
प्रतियोगिता में ‘प्रथम रिसर्चर’ का खिताब जीतने पर टीम को 3000 रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया गया। टीम की सदस्य प्राची गोयल को उनकी उत्कृष्ट शोध क्षमता और कानूनी विश्लेषण के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ शोधकर्ता’ का विशेष पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
मजबूत तर्क और प्रभावशाली प्रस्तुति से बनाई पहचान
जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि टीम में शन्या कुमारी (प्रथम वक्ता), समृद्धि सहाय (द्वितीय वक्ता) और प्राची गोयल (शोधकर्ता) शामिल थीं। संविधान, प्रशासनिक एवं विमानन कानून जैसे जटिल विषयों पर आधारित इस प्रतियोगिता में टीम ने अपने मजबूत तर्क, प्रभावशाली प्रस्तुति और गहन शोध के दम पर निर्णायकों को प्रभावित किया।
कुलपति ने दी बधाई, शिक्षकों ने जताया गर्व
कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने छात्राओं और मूट कोर्ट सोसाइटी को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस के डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार सहित मूट कोर्ट सोसाइटी के समन्वयक मणि प्रताप और अन्य शिक्षकों ने भी सफल छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। देशभर के प्रतिष्ठित विधि संस्थानों की भागीदारी वाली इस प्रतियोगिता में सीयूएसबी की सफलता विश्वविद्यालय के शैक्षणिक स्तर और शोध क्षमता का प्रमाण मानी जा रही है।