सीयूएसबी की प्रो. उषा तिवारी ने एआईयू साउथ जोन खो-खो टूर्नामेंट में निभाई अहम भूमिका
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 07 अप्रैल 2026,
गयाजी; दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. उषा तिवारी को ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी (AIU) द्वारा साउथ जोन मेन एवं वुमेन इंटर यूनिवर्सिटी खो-खो प्रतियोगिता में पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता धामनगिरी विश्वविद्यालय में आयोजित हुई।
89 टीमों ने लिया भाग, 1400 खिलाड़ी हुए शामिल
इस बड़े खेल आयोजन में देशभर से कुल 89 टीमों ने भाग लिया, जिसमें लगभग 1400 खिलाड़ियों की सहभागिता रही। यह टूर्नामेंट दक्षिण जोन के प्रमुख विश्वविद्यालयों के बीच आयोजित किया गया, जिसमें खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
सफल और विवाद रहित आयोजन
जन सम्पर्क पदाधिकारी के अनुसार प्रो. उषा तिवारी के कुशल नेतृत्व, सुदृढ़ प्रबंधन और सूक्ष्म पर्यवेक्षण के कारण पूरा आयोजन अनुशासित, पारदर्शी और पूरी तरह विवाद रहित रहा। आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्ति या विरोध दर्ज नहीं होना इसकी सफलता का प्रमाण है।
कुलपति ने की सराहना
सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के अनुमोदन पर प्रो. तिवारी ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। वहीं धामनगिरी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी. डी. कुम्भर ने भी उनके कार्य की सराहना करते हुए इसे आदर्श आयोजन बताया।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में शोभा नारायण (अर्जुन पुरस्कार विजेता खो-खो खिलाड़ी) एवं सीनियर सिविल जज सहित कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
खेल भावना को दी प्राथमिकता
प्रो. उषा तिवारी ने कहा कि आयोजन के दौरान निष्पक्षता, अनुशासन और खेल भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और गरिमा बनी रही।
