गयाजी के डीएम शशांक शुभंकर बेस्ट DEO अवार्ड 2025 से राज्यस्तरीय समारोह में सम्मानित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 जनवरी 2026,
गयाजी; 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी 2026) के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय Best Electoral Practices Awards–2025 समारोह में गयाजी जिले को बड़ी उपलब्धि मिली है। अधिवेशन भवन, सिंचाई भवन परिसर, पटना में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन–2025 के सफल संचालन के लिए गयाजी जिले का चयन Best DEO Award हेतु किया गया। इस उपलब्धि के लिए गयाजी जिला पदाधिकारी–सह–जिला निर्वाचन पदाधिकारी, शशांक शुभंकर को सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार गयाजी जिले में निर्वाचन प्रक्रिया के सफल, पारदर्शी, स्वच्छ एवं निष्पक्ष संचालन, प्रभावी मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों तथा उत्कृष्ट निर्वाचन प्रबंधन के लिए प्रदान किया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा यह सम्मान जिले की प्रशासनिक दक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण माना गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि यह उपलब्धि जिले के युवा, महिला, पुरुष एवं वृद्ध मतदाताओं, निर्वाचन से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों, पुलिस प्रशासन, मीडिया बंधुओं तथा सहयोगी संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही लोकतंत्र सशक्त बनता है और गया जिला इस दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि गयाजी जिला अंतर्गत सभी दस विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न हुआ। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन–2025 के दौरान जिले में मतदाता सहभागिता एवं मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जो मतदाता जागरूकता अभियानों और प्रभावी निर्वाचन प्रबंधन की सफलता को दर्शाती है। यह उपलब्धि गयाजी जिले के लिए गर्व का विषय है और भविष्य में और बेहतर निर्वाचन व्यवस्था के लिए प्रेरणास्रोत भी।