बेलागंज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधा की शुरुआत, नयन ज्योति हॉस्पिटल का गृह प्रवेश संपन्न
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 26 फरवरी 2026,
गयाजी; बेलागंज क्षेत्र के लोगों के लिए गुरुवार, 26 फरवरी 2026 का दिन स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से खास रहा। क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नयन ज्योति हॉस्पिटल ने अपने नए सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ किया। भव्य तरीके से आयोजित कार्यक्रम के साथ अस्पताल का गृह प्रवेश संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय नागरिकों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
अस्पताल के संचालक डॉ. विजेंद्र कुमार ने बताया कि इस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में एक ही छत के नीचे कई प्रकार की बीमारियों का इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अलग-अलग रोगों के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी, जिससे मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि बेलागंज क्षेत्र में इस तरह की आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था पहली बार शुरू की गई है, जिससे अब लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
वहीं अस्पताल की प्रोपराइटर डॉ. शांभवी ने जानकारी दी कि गरीब मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सप्ताह में एक दिन मुफ्त ओपीडी सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही मरीजों को आयुष्मान कार्ड एवं अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से उपचार की सुविधा भी प्रदान की जाएगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल खुलने पर खुशी जताई है। अब देखना होगा कि यह नव-स्थापित सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल अपने उद्देश्यों के अनुरूप कितनी प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा पाता है।