अतरी के टेउसा में विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 800 मरीजों का हुआ मुफ्त इलाज
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 05 अप्रैल 2026,
गयाजी: अतरी प्रखंड के यूलाइक पब्लिक स्कूल, टेउसा में रविवार को एक विशाल स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसका आयोजन आजाद मेडिकल टेउसा के प्रोपराइटर अवधेश कुमार उर्फ लल्लू जी और स्कूल के डायरेक्टर सत्येंद्र प्रसाद के संयुक्त प्रयास से किया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर में डॉ. कमलेश कुमार (न्यूरो एवं जनरल फिजिशियन, एमबीबीएस, एमडी, मगध मेडिकल गया), डॉ. प्रतिभा कुमारी (स्त्री रोग विशेषज्ञ, एमबीबीएस, एमएच, पीएमसीएच पटना), डॉ. अमर कुमार (नेत्र रोग विशेषज्ञ, एमडी, डीओएमएच, मगध मेडिकल), डॉ. अंकित भदानी एवं डॉ. सुप्रिया गुप्ता (दंत चिकित्सक, बीडीएस, एमडीएस), एवं डॉ. सत्य प्रकाश मिश्रा (फिजियोथैरेपिस्ट, बीपीटी, एमपीटी) शामिल रहे।
उद्घाटन के साथ जागरूकता का संदेश
शिविर का उद्घाटन सभी चिकित्सकों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इस मौके पर डॉ. अमर कुमार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना बेहद आवश्यक है, ताकि बीमारियों का पता चलने पर उसका समय रहते समुचित इलाज हो सके।
हर विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टर रहे मौजूद
शिविर में महिला एवं पुरुष रोग, दंत चिकित्सा, नेत्र रोग, फिजियोथैरेपी सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद रहे। मरीजों की जांच कर उन्हें मौके पर ही मुफ्त दवाइयां दी गईं और खून की जांच भी निशुल्क की गई, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।
भारी भीड़, तय समय के बाद भी चला इलाज
स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। लगभग 800 मरीजों का पंजीकरण कर उनका इलाज किया गया। भीड़ अधिक होने के कारण निर्धारित समय दोपहर 3 बजे के बाद भी डॉक्टरों ने देर तक मरीजों को देखा और इलाज जारी रखा।
ग्रामीण चिकित्सकों के साथ स्कूल प्रबंधन की रही सक्रिय भागीदारी
इस शिविर में प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीण चिकित्सकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई वही स्कूल प्रबंधन के स्टाफ और टीचर्स ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग किया।
मरीजों ने जताई खुशी, नियमित आयोजन की मांग
शिविर में आए मरीजों ने मुफ्त इलाज, जांच और दवा वितरण की व्यवस्था को सराहा। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के शिविरों से गरीब और जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिलती है, इसलिए इसे नियमित रूप से आयोजित किया जाना चाहिए।
