बाराचट्टी में बोलेरो से 490 लीटर अवैध स्प्रिट बरामद, एक गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 30 अगस्त 2026
गयाजी: जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के नैन सागर में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो से 490 लीटर अवैध स्प्रिट बरामद किया है। मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
बोलेरो से स्प्रिट परिवहन करते पकड़ा गया युवक
विभाग के अनुसार, बोलेरो SLX वाहन संख्या JH-06B-1234 से स्प्रिट का परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान नैन सागर निवासी शंभु कुमार (लगभग 21 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। वह सुबोध विश्वकर्मा का पुत्र बताया गया है। जांच के दौरान वाहन से कुल 490 लीटर अवैध स्प्रिट बरामद की गई।
अनुसंधान के बाद दाखिल होगा आरोप-पत्र
मामले में आगे अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है। विभाग की ओर से बताया गया है कि अनुसंधान पूरा होने के बाद नियमानुसार आरोप-पत्र समर्पित किया जाएगा।
कार्रवाई करने वाली टीम में उमेश चन्द्र राय, राहुल तिवारी, उत्तम कुमार, दीपक कुमार राम एवं हलेन्द्र कुमार सहित मद्यनिषेध सिपाही, सैप बल एवं गृहरक्षक जवान शामिल रहे।
