बोरवेल में गिरा मासूम, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी; प्रशासन अलर्ट, NDRF-SDRF मौके पर पहुंचे
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 16 जुलाई 2026,
गयाजी: जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत कठौतिया केवल पंचायत के रघुनाथ नगर गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। करीब तीन वर्षीय मासूम पीयूष कुमार, पिता दिनेश कुमार (मांझी), खेलते-खेलते नल-जल योजना के तहत कराए गए एक खुले बोरवेल में गिर गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चा करीब 30 से 35 फीट की गहराई में फंसा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने का निर्देश दिया। उनके निर्देश पर अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं फतेहपुर थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही, NDRF और SDRF की टीम सक्रिय
मासूम को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। पटना से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की विशेषज्ञ टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है, जबकि राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई है।
बच्चे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पाइप के माध्यम से लगातार ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उसे सांस लेने में कोई परेशानी न हो। घटनास्थल पर चिकित्सकीय टीम और एंबुलेंस भी तैनात कर दी गई है।
ग्रामीणों का आरोप: खुले बोरवेल ने ली मासूम की जान पर आफत
ग्रामीणों का आरोप है कि नल-जल योजना के तहत बोरिंग कराने के बाद ठेकेदार ने गड्ढे को सुरक्षित तरीके से बंद नहीं किया। उनका कहना है कि बोरवेल को केवल एक बोरे से ढक दिया गया था, जिसके कारण खेलते-खेलते मासूम उसमें गिर गया। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, घटनास्थल पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि मासूम को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं।
फिलहाल पूरे गांव की निगाहें रेस्क्यू अभियान पर टिकी हैं और हर कोई मासूम पीयूष के सकुशल बाहर आने की प्रार्थना कर रहा है।
gaya-fatehpur-child-falls-into-borewell-rescue-operation-underway
