गयाजी में पीएम सूर्य घर योजना को बड़ी सफलता, 914 घरों की छतों पर लगे रूफटॉप सोलर प्लांट

0
1784048962817.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 14 जुलाई 2026,

गयाजी: केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी “पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना” गयाजी जिले में तेजी से लोगों के बीच लोकप्रिय हो रही है। जिले में अब तक 914 आवासीय उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर प्लांट सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। इस योजना से लोगों को बिजली बिल में राहत मिलने के साथ-साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है।

बिजली बिल में आई उल्लेखनीय कमी

सोलर प्लांट लगने के बाद अधिकांश लाभार्थियों के मासिक बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। कई उपभोक्ताओं का बिजली बिल लगभग नगण्य हो गया है, जिससे परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ काफी कम हुआ है। साथ ही जिले में हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलने से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक पहल हुई है।

लाभार्थियों ने सरकार का जताया आभार

योजना का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं ने इसे जनहितकारी पहल बताते हुए केंद्र सरकार और विद्युत विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है। लाभार्थियों का कहना है कि पहले हर महीने बिजली बिल का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता था, लेकिन अब घर की अधिकांश बिजली जरूरतें सौर ऊर्जा से पूरी हो रही हैं, जिससे मासिक बचत में भी बढ़ोतरी हुई है।

उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि योजना के तहत सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद सरकार द्वारा निर्धारित सब्सिडी की राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी गई। इससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और भरोसेमंद साबित हुई है।

विद्युत विभाग ने की अपील

विद्युत विभाग, गयाजी के कार्यपालक अभियंता ने जिलेवासियों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि पीएम सूर्य घर योजना प्रत्येक परिवार के लिए बिजली बिल से स्थायी राहत पाने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने लोगों से अपने घरों की छतों पर सोलर प्लांट स्थापित कर सरकारी सब्सिडी का लाभ लेने और स्वच्छ ऊर्जा अपनाकर ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

योजना की प्रमुख विशेषताएं

🔹बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत।

🔹सोलर प्लांट स्थापना के बाद सरकारी सब्सिडी सीधे बैंक खाते में हस्तांतरण।

🔹आवेदन से लेकर सब्सिडी तक पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन एवं पारदर्शी।

🔹पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा।

🔹आवश्यकता पड़ने पर सोलर प्लांट स्थापना के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध।

🔹लाभार्थियों में उच्च संतुष्टि और अन्य लोगों को भी योजना से जुड़ने की प्रेरणा।


ऐसे करें आवेदन

इच्छुक उपभोक्ता पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अपने निकटतम विद्युत कार्यालय से भी योजना की जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए संबंधित कार्यपालक अभियंता अथवा विद्युत विभाग के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page