गयाजी जिले में सब्जी उत्पादक किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ, 15 प्रखंडों में बनेंगे सब्जी बिक्री केंद्र
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 फरवरी 2026,
गयाजी; बिहार राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन योजना के तहत गयाजी जिले में सब्जी उत्पादक किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इस योजना का क्रियान्वयन त्रिस्तरीय सहकारी संरचना व्यवस्था के माध्यम से किया जा रहा है।
योजना के अंतर्गत सभी प्रखंड स्तर पर सब्जी उत्पादक किसानों को शामिल करते हुए प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति एवं संघ का गठन किया गया है। गयाजी जिले के सभी प्रखंडों में इन समितियों का गठन कर उन्हें संघों से संबद्ध किया जा रहा है।
किसानों से सीधी खरीद, बाजार में सीधा विक्रय
इस योजना का मुख्य उद्देश्य सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों के माध्यम से सदस्य किसानों से सीधे सब्जी क्रय कर बाजार में विक्रय करना है, जिससे एक ओर किसानों को उचित मूल्य मिल सके और दूसरी ओर उपभोक्ताओं को भी गुणवत्तापूर्ण सब्जी उचित दर पर उपलब्ध हो।
15 प्रखंडों में बनेगा सब्जी बिक्री केंद्र
जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने बताया कि सब्जी बिक्री केंद्र की स्थापना के लिए सभी अंचलों में सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन हेतु भवन निर्माण कार्य जिला सहकारिता विभाग के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए सभी प्रखंडों में 10 हजार वर्गफीट भूमि चिन्हित की जा रही है, जहां प्रखंड स्तरीय प्राथमिक सब्जी सहकारी समिति का संचालन किया जा सकेगा।
वर्तमान में गयाजी जिले के 15 प्रखंडों में भूमि चिन्हित की गई है, जिनमें—
नगर (नौगढ़ मौजा), मानपुर (डेल्हा), फतेहपुर (पकरी), बेलागंज (हरगांव), टनकुप्पा (ढिबर), बांकेबाजार (दीघासिन), डुमरिया (गोटीवांध), बाराचट्टी (सोम), मोहनपुर (पथरा), डोभी (डोभी), परैया (नेउरिया), अतरी (टेंटुआ), खिजरसराय (लोदीपुर), मोहड़ा (बेला) और नीमचक बथानी (मोरबाबीचक) शामिल हैं।
स्टोरेज और विपणन होगा आसान
जिलाधिकारी ने कहा कि सब्जी बिक्री केंद्र के निर्माण से किसानों को सब्जियों के भंडारण (स्टोरेज) में काफी सहूलियत होगी। किसान अपनी उपज को नजदीकी बाजार में आसानी से विक्रय कर सकेंगे, जिससे उन्हें बेहतर मूल्य मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।
