जहानाबाद में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन, लोकतांत्रिक भागीदारी की दिलाई गई शपथ

0
1769365183785.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 25 जनवरी 2026,

जहानाबाद; जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिला पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस, 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर निर्वाचन कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों एवं बी.एल.ओ. को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा लोकतंत्र में स्वच्छ एवं निष्पक्ष भागीदारी की शपथ दिलाई गई। साथ ही भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के संदेश का वाचन भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कर्मियों, बी.एल.ओ. एवं जिलावासियों को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विशेष रूप से जहानाबाद जिले के युवा मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग का गठन 25 जनवरी 1950 को हुआ था। मतदाता जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2011 से प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक चुनाव में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना तथा मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करना है। वर्ष 2026 के लिए 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम भारत निर्वाचन आयोग द्वारा “My India, My Vote / मैं भारत हूँ” निर्धारित की गई है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य न केवल मतदाताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना है, बल्कि उन्हें स्वच्छ छवि वाले प्रतिनिधियों के चयन के लिए भी प्रेरित करना है। मतदान लोकतंत्र को मजबूत करने का सबसे सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए जनता अपने देश और समाज के विकास की दिशा तय करती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे निर्वाचन प्रक्रिया को समझें और निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें, साथ ही समाज के अन्य वर्गों को भी मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करें।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जहानाबाद जिले में कुल 8,08,028 निर्वाचक हैं, जिनमें 4,28,069 पुरुष, 3,79,949 महिला तथा 10 तृतीय जेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं 18–19 वर्ष आयु वर्ग के 18,981 युवा मतदाता जिले में पंजीकृत हैं। उन्होंने जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता पंजीकरण के लिए वर्ष में चार अर्हता तिथियां—1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर निर्धारित की गई हैं, जिससे युवाओं के लिए मतदाता बनना और भी आसान हो गया है। 17 वर्ष की आयु में भी अग्रिम आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।

विगत चुनावों के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि विधानसभा आम निर्वाचन 2020 में जिले का मतदान प्रतिशत 54.80%, लोकसभा निर्वाचन 2024 में 56.03%, जबकि विधानसभा निर्वाचन 2025 में 65.37% रहा, जो निर्वाचन के प्रति युवाओं एवं आमजन की बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है। उन्होंने सभी मतदाताओं, विशेषकर महिला मतदाताओं से आगामी चुनावों में भी इसी प्रकार सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, 2025 एवं बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 में सराहनीय कार्य करने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों, बी.एल.ओ. एवं बी.एल.ओ. सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया। अंत में वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी अविनाश कुमार, निदेशक डीआरडीए रोहित कुमार मिश्रा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चाँदनी कुमारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page