गयाजी में महिला छात्रावास व लॉज की सुरक्षा पर सख्ती, पटना नीट छात्रा मौत मामले से सबक

0
file_000000002ed87208841a2bfe48575e41-1.png
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 जनवरी 2026,

गयाजी; पटना में नीट की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले से सबक लेते हुए गयाजी जिला प्रशासन ने महिला छात्रावास एवं लॉज की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाया है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से पत्र जारी कर सभी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) एवं सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि गयाजी शहर एवं अनुमंडल स्तर पर संचालित सभी महिला छात्रावास एवं लॉज पर सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।

जारी निर्देश में कहा गया है कि पटना में नीट की छात्रा की मौत ने छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसी किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति को रोकने के उद्देश्य से गयाजी जिले में एहतियाती एवं ठोस कार्रवाई आवश्यक है।

निर्देशानुसार निम्न बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई अपेक्षित है—

🔹गयाजी शहर एवं अनुमंडल स्तर पर संचालित सभी महिला छात्रावास एवं लॉज की अद्यतन सूची तैयार कराई जाए।
🔹संचालित महिला छात्रावास एवं लॉज में उपलब्ध सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए समिति का गठन किया जाए, जिसमें कम-से-कम एक महिला पदाधिकारी को सदस्य के रूप में नामित किया जाना अनिवार्य होगा।
🔹महिला छात्रावास एवं लॉज के मालिकों के साथ बैठक आयोजित कर रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास, सीसीटीवी, रजिस्टर संधारण एवं अन्य आवश्यक मानकों पर चर्चा की जाए। बैठक में उभरने वाली समस्याओं की सूची तैयार कर जिला पदाधिकारी के समक्ष समर्पित करना सुनिश्चित किया जाए।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि उपरोक्त बिंदुओं के आलोक में गहन जांच कर यथाशीघ्र जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। प्रशासन का मानना है कि पटना की घटना एक चेतावनी है और इससे सीख लेते हुए समय रहते प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है, ताकि गयाजी में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page