नगर प्रखंड के बीडीओ राकेश कुमार 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

0
1770649175031.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी |गयाजी | 09 फरवरी 2026,

गयाजी; जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नगर प्रखंड, गयाजी के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश कुमार को 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या–016/26, दिनांक 09.02.2026 के तहत की गई।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना की मुख्यालय टीम ने यह कार्रवाई नगर प्रखंड कार्यालय, गयाजी स्थित प्रखंड प्रमुख के कक्ष में की। गिरफ्तार अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने कराए गए कार्य के भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत के आधार पर हुई कार्रवाई

इस संबंध में परिवादिनी सुचिता रंजनी, पति–चन्दभूषण कुमार, निवासी–गन्नु विगहा, पंचायत–रसलपुर, थाना–चाकन्द, जिला–गयाजी (वर्तमान प्रखंड प्रमुख, नगर प्रखंड, गयाजी) ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि कार्य पूर्ण होने के बाद लेबर मद में 3,50,000 रुपये के भुगतान के एवज में बीडीओ द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।

सत्यापन के बाद किया गया ट्रैप

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो द्वारा सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर कांड दर्ज किया गया और पुलिस उपाधीक्षक सत्येन्द्र राम के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया। धावादल ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी बीडीओ राकेश कुमार को 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

अदालत में पेशी, जांच जारी

गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है। इसके उपरांत उन्हें माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई जारी है।

2026 में निगरानी की 16वीं प्राथमिकी

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार द्वारा वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह 16वीं प्राथमिकी है। इनमें से यह 14वां ट्रैप कांड है, जिसमें अब तक 11 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। वर्ष 2026 में अब तक 7,15,000 रुपये रिश्वत राशि की बरामदगी हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page