उत्तर कोयल जलाशय परियोजना का मुख्य सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 07 जनवरी 2026,
गयाजी; बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत एवं जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने आज आमस थाना क्षेत्र के बुद्धौल गांव में उत्तर कोयल जलाशय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार तथा जिलाधिकारी शशांक शुभंकर भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने परियोजना के अंतर्गत जारी निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। यह महत्वपूर्ण परियोजना गयाजी जिले के सूखाग्रस्त क्षेत्रों में सिंचाई क्षमता को बढ़ाने में सहायक होगी और किसानों को स्थायी जल उपलब्धता प्रदान करेगी।
निरीक्षण के दौरान गयाजी पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किए गए थे। मुख्य सचिव एवं प्रधान सचिव ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, गति एवं समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह परियोजना पूर्ण होने पर क्षेत्रीय कृषि उत्पादन में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।