आर्यावर्त वाणी | गयाजी समाचार |12 सितंबर 2025

गयाजी, गयाजी शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन लगातार अपना प्रयास जारी रखे हुए है। इसी क्रम में आज एक महत्वपूर्ण पहल की गई। SSP, गया आनंद कुमार के द्वारा ए0पी0आर0 मौल के सामने स्थित व्यस्ततम मोड़ पर नये ट्रैफिक पोस्ट का उद्घाटन किया गया।
यह ए0पी0आर0 मोड़ गयाजी का यातायात के लिहाज से प्रमुख व्यस्ततम केंद्र है, जहाँ कई दिशाओं से आने वाली सड़कों का संगम होता है। इस कारण यहाँ हमेशा वाहनों का दबाव अधिक रहता है और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों एवं राहगीरों की सबसे बड़ी समस्या यही थी कि इस स्थान पर सुचारू यातायात प्रबंधन के लिए कोई स्थायी पोस्ट उपलब्ध नहीं था। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को खुले आसमान के नीचे गर्मी और बारिश में ड्यूटी करनी पड़ती थी, जिससे उनके कार्य में बाधा आती थी और यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
आज नये ट्रैफिक पोस्ट के उद्घाटन के साथ ही यह उम्मीद जताई जा रही है कि अब इस इलाके में यातायात व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। स्थायी पोस्ट बनने से ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को न केवल बेहतर सुविधा मिलेगी बल्कि वे अधिक कुशलता और तत्परता के साथ यातायात का संचालन कर सकेंगे।
इस अवसर पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि शहर की बढ़ती जनसंख्या और वाहनों की संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को मजबूत करना समय की मांग है। आने वाले दिनों में अन्य व्यस्ततम चौराहों पर भी ऐसी ही सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में योजना बनाई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशासन की यह कोशिश निश्चित रूप से सड़क जाम की समस्या को कम करने में कारगर साबित होगी। यातायात व्यवस्था दुरुस्त होने से आम जनता को राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी घटेगी। इस मौके पर सिटी एसपी रामानंद कौशल और साइबर थानाध्यक्ष साक्षी राय समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।
