जनता दरबार के आवेदक ऑनलाइन मॉनिटर कर सकेंगे अपने आवेदनों की स्थिति
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 11 फरवरी 2026,
गयाजी; जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में समाहरणालय में बैठक आयोजित कर जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
गुणवत्तापूर्ण एवं नियमसम्मत समाधान पर जोर
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। सभी आवेदनों का नियमसम्मत एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि आम जनता की समस्याओं का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
ऑनलाइन पोर्टल से होगी पूरी मॉनिटरिंग
जनता दरबार के आवेदनों की पारदर्शी मॉनिटरिंग के लिए एक विशेष पोर्टल तैयार किया गया है। इस पोर्टल पर जिला स्तर एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को दर्ज किया जाता है। आवेदकों को भी अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देखने की सुविधा दी गई है, जिससे वे सीधे मॉनिटरिंग कर सकें।
सभी विभागों को अलग लॉगिन आईडी
सभी विभागों को अलग-अलग लॉगिन आईडी प्रदान की गई है। संबंधित पदाधिकारी अपने लॉगिन के माध्यम से आवेदनों का निष्पादन करेंगे तथा उसकी रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करेंगे। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी प्रतिदिन पोर्टल की समीक्षा करें और प्राप्त आवेदनों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री सचिवालय से भी हो रही मॉनिटरिंग
जिला पदाधिकारी ने बताया कि जनता दरबार की मॉनिटरिंग सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय स्तर से भी की जा रही है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी आवेदन 15 दिनों से अधिक लंबित न रखा जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (लोक शिकायत), जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।