नए एसएसपी ने पदभार ग्रहण के पहले ही दिन बोधगया का किया दौरा, महाबोधि मंदिर व थाना का लिया जायजा

0
1768390935637.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 14 जनवरी 2026,

बोधगया। पदभार ग्रहण करने के पहले ही दिन गयाजी के नवनियुक्त वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुशील कुमार ने बोधगया पहुंचकर प्रशासनिक सक्रियता का स्पष्ट संदेश दिया। बुधवार को एसएसपी, गयाजी के साथ नगर पुलिस अधीक्षक, गयाजी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बोधगया ने विश्वविख्यात महाबोधि मंदिर परिसर का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महाबोधि मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रबंध, श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा संवेदनशील बिंदुओं का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मंदिर की सुरक्षा को लेकर तैनात पुलिस बल को सतर्कता बनाए रखने और मानक संचालन प्रक्रिया का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात अधिकारियों ने बोधगया थाना का भी निरीक्षण किया। थाना परिसर में विधि-व्यवस्था की स्थिति, अभिलेखों के संधारण, सुरक्षा इंतजाम तथा पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने थानाध्यक्ष एवं पुलिस कर्मियों को अभिलेख अद्यतन रखने, आमजन से शालीन व्यवहार करने तथा त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसएसपी सुशील कुमार ने स्पष्ट किया कि बोधगया जैसे अंतरराष्ट्रीय धार्मिक एवं पर्यटन स्थल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page