रतनी फरीदपुर में “सखी वार्ता” कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं को अधिकार और योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 28 मार्च 2026,
जहानाबाद; जिले के रतनी फरीदपुर प्रखंड अंतर्गत महादलित टोला, वार्ड संख्या–9 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या–41 पर जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन (DHEW) योजना के तहत “सखी वार्ता” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और समुदाय के अन्य सदस्यों को सशक्तिकरण, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
बाल विवाह रोकथाम पर दिया गया विशेष जोर
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, रतनी फरीदपुर ने बाल विवाह निषेध अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह के सामाजिक, मानसिक और कानूनी दुष्परिणामों को बताते हुए समुदाय से इस कुप्रथा को समाप्त करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं से कराया अवगत
इस मौके पर महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि हिंसा, उत्पीड़न या घरेलू प्रताड़ना की स्थिति में महिलाओं को यहां कानूनी सहायता, परामर्श, चिकित्सीय सुविधा और अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराया जाता है।
सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के तहत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को मिलने वाले आर्थिक लाभ, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। साथ ही मिशन शक्ति योजना के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
स्वास्थ्य, शिक्षा और समानता पर जागरूकता
उपस्थित महिलाओं को घरेलू हिंसा की रोकथाम, लैंगिक समानता, बालिका शिक्षा, पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच और संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सभी को सरकारी योजनाओं का समय पर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी
कार्यक्रम में महिला प्रवेक्षिका अस्मिता सिन्हा, बबीता कुमारी, जेंडर स्पेशलिस्ट शैलेश कुमार, सेविका एवं सहायिका सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया।
