रामनवमी पर गयाजी में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, कई मार्गों पर वाहनों की एंट्री बंद
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 मार्च 2026,
गयाजी। रामनवमी पर्व के अवसर पर गयाजी शहर में 26 एवं 27 मार्च को विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। शोभायात्रा और जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात नियंत्रण के लिए यह व्यवस्था की है। यह ट्रैफिक प्लान दोनों दिनों अपराह्न 1:00 बजे से शोभायात्रा समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।
शहर में बड़े वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित
प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, इन दोनों दिनों में गयाजी शहर में सभी प्रकार के बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा कंडी से रामशिला मोड़ होते हुए किरानी घाट तक तथा किरानी घाट से रामशिला की ओर सभी ऑटो, टोटो, टेम्पो और चारपहिया वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
प्रमुख मार्गों पर भी लागू रहेगा नो-एंट्री नियम
रामनवमी के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह वर्जित रहेगी। इनमें आजाद पार्क, नई गोदाम, पीपरपॉती रोड, रंग बहादुर मोड़, तेलबीघा मोड़, मुरारपुर रोड, खैरात अहमद रोड, फतेहबहादुर रोड, नर्सिंग स्थान रोड, टेकारी मोड़ रोड, स्वराजपुरी रोड, ढोलकिया गली, पुरानी गोदाम रोड, कोतवाली थाना रोड, जीबी रोड, छत्ता मस्जिद रोड, पीरमंसूर रोड, कोयरीबारी रोड, नादरागंज रोड, चांदचौरा रोड और विष्णुपद मंदिर रोड शामिल हैं।
वैकल्पिक मार्गों से होगी वाहनों की आवाजाही
प्रशासन ने वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। चाकंद की ओर से आने वाले वाहन एनएच-22 बाईपास, अग्रेली ओवरब्रिज, प्रेतशिला रोड, रेलवे गुमटी 64बी होते हुए छोटकी नवादा और वागेश्वरी गुमटी के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
पटना की ओर से बोधगया, डोभी और शेरघाटी जाने वाले वाहन चाकंद से ही एनएच-22 का उपयोग करेंगे। वहीं कंडी नवादा से बुनियादगंज, मानपुर पुल, कुकरा मोड़, मेहता पेट्रोल पंप, भुसंडा मोड़ और घुघड़ीटाड़ बाईपास होते हुए भी वाहन अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
गयाजी शहर से चाकंद की ओर जाने वाले वाहन किरानी घाट, मुफस्सिल मोड़, मानपुर बाईपास पुल और कंडी नवादा होते हुए आवागमन करेंगे।
आपातकालीन सेवाओं को रहेगी छूट
इस ट्रैफिक प्लान में आपातकालीन सेवाओं को छूट दी गई है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
