प्रेम प्रसंग के कारण की गई थी महकार में युवक की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 07 फरवरी 2026,
गयाजी; खिजरसराय के महकार थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतरिया बधार में युवक की हत्या कर शव पईन में फेंकने के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई जानकारी
शनिवार को नीमचक बथानी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुरेन्द्र कुमार सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह हत्या प्रेम प्रसंग से जुड़ी रंजिश के कारण की गई हत्या थी।जिसे सफलता पूर्वक सुलझा लिया गया है।
शव मिलने से शुरू हुई जांच
एसडीपीओ ने बताया कि 30 जनवरी 2026 को महकार थाना को सूचना मिली थी कि तेतरिया बधार स्थित पईन में एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें मृतक की पहचान बेलदारी गांव के जगडीहा टोला निवासी शशि कुमार के रूप में हुई।
पूर्व नियोजित साजिश का खुलासा
पुलिस अनुसंधान में यह सामने आया कि चारों आरोपियों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत शशि कुमार की हत्या की और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को पईन में फेंक दिया।
गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
इस मामले में जगडीहा गांव निवासी अमित कुमार उर्फ विजय, सुधीर कुमार, प्रदीप कुमार एवं धनराज कुमार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चेन-स्पॉकेट और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
विशेष टीम का गठन
एसडीपीओ ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसके बाद पुलिस को यह सफलता मिली।
आपराधिक इतिहास की जांच
गिरफ्तार सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।