फल्गु नदी में अवैध बालू उठाव का आरोप, HAM के जिला उपाध्यक्ष ने उपमुख्यमंत्री से की शिकायत
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 29 जनवरी 2026,
गयाजी; हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (HAM) के जिला उपाध्यक्ष गोपाल कुमार उर्फ बच्चा सिंह ने जिले में अवैध बालू खनन को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को लिखित आवेदन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की है।
आवेदन में बच्चा सिंह ने आरोप लगाया है कि फल्गु नदी के बालू घाट ब्लॉक नंबर-9 के संवेदक द्वारा बंद पड़े ब्लॉक नंबर-10 और 11 से अवैध रूप से बालू का उठाव कर उसका विक्रय किया जा रहा है। साथ ही बड़ी मात्रा में बालू का अवैध भंडारण भी किया जा रहा है, ताकि बाद में उसे बाजार में बेचा जा सके।
उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध निकासी से सरकार को भारी राजस्व की क्षति हो रही है। बच्चा सिंह ने उपमुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि मामले का संज्ञान लेते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का आदेश दिया जाए।
बच्चा सिंह का आरोप है कि यह पूरा अवैध कार्य जिला खनन पदाधिकारी की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने वीडियो साक्ष्य और सूचना जिला खनन पदाधिकारी को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी, लेकिन न तो कोई जवाब मिला और न ही फोन कॉल का उत्तर दिया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि जिला पदाधिकारी को भी व्हाट्सएप के जरिए पूरी जानकारी और वीडियो उपलब्ध कराए गए, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
खबर बनाए जाने से पहले जिला खनन पदाधिकारी का पक्ष जानने के लिए जब उन्हें कॉल किया गया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।
HAM नेता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध बालू खनन में संलिप्त सभी जिम्मेदार अधिकारियों और संवेदकों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी राजस्व की हो रही क्षति को रोका जा सके।
