सरस्वती पूजा को लेकर मानपुर थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे पर रहेगी पूर्णतः रोक

0
IMG_20260119_160244.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 19 जनवरी 2026,

गयाजी (मानपुर): आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दिनांक 19 जनवरी 2026 को मानपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति

बैठक में नव पदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनिल कुमार रमन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वजीरगंज, सुनील कुमार पांडे, प्रखंड विकास पदाधिकारी मानपुर वेद प्रकाश तथा अंचलाधिकारी मानपुर, सुबोध कुमार सिंह उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शांति समिति के सदस्यों के साथ सरस्वती पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की।

शांति समिति सदस्यों के सुझाव

शांति समिति के सदस्यों ने सुझाव दिया कि लाइसेंस प्राप्त पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को भी बैठकों में अनिवार्य रूप से बुलाया जाए, ताकि उन्हें सीधे प्रशासन के दिशा-निर्देश और चेतावनी मिल सके। इसके साथ ही प्रत्येक पूजा पंडाल में पुलिस बल की तैनाती, अश्लील व भड़काऊ गानों पर सख्त रोक, विसर्जन स्थलों पर गहरे तालाबों की बैरिकेडिंग और बच्चों को पानी में उतरने से रोकने की मांग रखी गई।

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय इस प्रकार हैं—

👉अनुमति एवं समय-सीमा:

सभी पूजा समितियों को मूर्ति स्थापना एवं पूजा आयोजन के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। मूर्ति विसर्जन निर्धारित समय-सीमा यानी 25 तारीख तक हर हाल में किया जाए।

👉ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण:

डीजे के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। आवश्यक धार्मिक ध्वनि उपकरणों का प्रयोग भी निर्धारित मानकों एवं समय-सीमा के अनुसार ही किया जाएगा।

👉सुरक्षा व्यवस्था:

पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा स्वयंसेवकों की तैनाती करने का निर्णय लिया गया। भीड़ प्रबंधन एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

👉विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा:

पंडालों के लिए केवल सूती कपड़े का इस्तेमाल, बिजली के तारों एवं उपकरणों की सुरक्षित व्यवस्था करने, खुले तारों से बचने तथा अग्निशमन उपकरण उपलब्ध न होने की दशा में बाल्टी में बालू भरकर रखने के निर्देश दिए गए।

👉असामाजिक तत्वों पर निगरानी:

असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना प्रशासन को देने का निर्णय लिया गया।

👉स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण:

पूजा स्थल एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक के प्रयोग से बचने तथा पर्यावरण-अनुकूल सामग्री के उपयोग पर जोर दिया गया।

👉समन्वय एवं संवाद:

शांति समिति, पूजा समिति एवं प्रशासन के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान आपसी समन्वय से करने पर सहमति बनी।

मूर्ति विसर्जन के दौरान मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। सभी पूजा पंडालों में अनिवार्य रूप से फायर सेफ्टी का पालन किया जाए। मूर्ति विसर्जन हर हाल में 25 जनवरी को सूर्यास्त से पूर्व कर लिया जाए। आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन का सहयोग लें, लेकिन अनावश्यक रूप से प्रशासन को इन्वॉल्व न करें।

अनिल कुमार रमन, अनुमंडल पदाधिकारी सदर

कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा, मूर्ति विसर्जन के दौरान प्रत्येक लाइसेंसी आयोजक के साथ पुलिस पदाधिकारी की तैनाती रहेगी। डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, हालांकि छोटे साउंड बॉक्स की सीमित अनुमति दी जाएगी। कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सुनील कुमार पांडे, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वजीरगंज

पूजा पंडालों में किसी भी परिस्थिति में अश्लील, द्विअर्थी, भड़काऊ या जाति विशेष को लक्षित करने वाले गाने नहीं बजाए जाएं। ऐसा पाए जाने पर संबंधित आयोजकों पर सीधी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वेद प्रकाश, प्रखंड विकास पदाधिकारी मानपुर

बैठक में शांति समिति के सदस्य रहे मौजूद

बैठक में शांति समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद सिन्हा, संरक्षक बलदेव प्रसाद सहित सदस्य हरेराम सिंह, अजय सिंह, साकेश सिंह, प्रो. केपी वर्मा, मो. सोहेल, मो. ग़ालिब, रामपुकार सिंह, बुलबुल, लालन कुमार आरोही, किशोरी यादव, सुनील कुमार सिंह, भोला जी, सिद्धेश्वर प्रजापति, मो. सुल्तान, मो. मुशर्रफ, रणजीत सिंह, पंकज सिंह, अवध बिहारी पटेल, अजीत प्रसाद, शंकर दास समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

प्रशासन की अपील

बैठक के अंत में प्रशासन ने आम नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की तथा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page