जगजीवन कॉलेज में NSUI का उग्र आंदोलन, प्राचार्य की अनुपस्थिति से नाराज़ छात्रों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

0
IMG-20260202-WA0005.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 फरवरी 2026,

गयाजी; जगजीवन कॉलेज, गयाजी में छात्रों की लंबित समस्याओं को लेकर आज NSUI इकाई द्वारा जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। यह आंदोलन NSUI कॉलेज अध्यक्ष वैभव कुमार के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। धरना उस समय उग्र हो गया जब छात्रों को पता चला कि कॉलेज के प्राचार्य अपनी कुर्सी से नदारद हैं। प्राचार्य की अनुपस्थिति से नाराज़ छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं के प्रति प्रशासन पूरी तरह संवेदनहीन बना हुआ है।

प्राचार्य की गैर-मौजूदगी से भड़के छात्र

धरना स्थल पर छात्रों ने स्पष्ट कहा कि कई बार ज्ञापन देने और मांगें उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। प्राचार्य के कॉलेज में मौजूद न रहने के कारण छात्र नेताओं ने कॉलेज की प्रोफेसर अनु रानी और प्रोक्टर से लंबी वार्ता की।

कल पूर्ण तालाबंदी की घोषणा

NSUI अध्यक्ष वैभव कुमार ने आज के धरना-प्रदर्शन को स्थगित करते हुए कल दिनांक 3 फरवरी 2026 को पूरे कॉलेज में पूर्ण तालाबंदी और उग्र आंदोलन की घोषणा की है। इस संबंध में NSUI की ओर से प्रोक्टर को लिखित सूचना सहित मांग पत्र भी सौंप दिया गया है।

प्राचार्य संवाद नहीं करेंगे तो कॉलेज ठप रहेगा

वैभव कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक प्राचार्य स्वयं कॉलेज आकर छात्रों से संवाद नहीं करते और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करते, तब तक कॉलेज का शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य पूरी तरह ठप रखा जाएगा। फिलहाल कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन की ओर से अगली प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page