नितिन नवीन ने संभाला भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार, अमित शाह–जेपी नड्डा ने दी बधाई
आर्यावर्त वाणी | नई दिल्ली | 15 दिसंबर 2025,
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में संगठनात्मक बदलाव की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नितिन नवीन ने कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह और निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने स्वयं उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाकर शुभकामनाएं दीं।
जोरदार स्वागत के बीच पहुंचे पार्टी मुख्यालय
कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व नितिन नवीन पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के जोरदार स्वागत के बीच भाजपा मुख्यालय पहुंचे। इससे पहले दिल्ली हवाई अड्डे पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
अमित शाह ने जताया भरोसा
कार्यभार ग्रहण करने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर नितिन नवीन को बधाई दी। शाह ने लिखा, “आपके नेतृत्व में संगठन का और भी विस्तार होगा। मोदी सरकार की नीतियों और पार्टी की विचारधारा को आप जन-जन तक पहुंचाएंगे।” उन्होंने उनके सफल कार्यकाल के लिए ईश्वर से कामना भी की।

खरमास के बाद होगा औपचारिक चुनाव
पार्टी सूत्रों के अनुसार, खरमास के बाद संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया के तहत नितिन नवीन का औपचारिक रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चयन किया जाएगा। इसके बाद उनकी नई टीम का गठन होगा, जिसमें युवा जोश और अनुभव का संतुलन देखने को मिलेगा।
वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
भाजपा मुख्यालय में नितिन नवीन के स्वागत के लिए पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, तरुण चुघ सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने से पहले नितिन नवीन ने पार्टी के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय की मूर्तियों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पीढ़ीगत बदलाव का संकेत
नितिन नवीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने को भाजपा में पीढ़ीगत बदलाव और संगठन को नई ऊर्जा देने के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी के भीतर इसे भविष्य की रणनीति और नेतृत्व निर्माण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
