Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 19 नवंबर 2025,

गयाजी; नीमचक बथानी थाना क्षेत्र में मारपीट और जाति-विशेष से जुड़ी गाली-गलौज के गंभीर मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता रिंकू देवी, पति बुधी राजवंशी, निवासी बाराटील्हा थाना नीमचक बथानी ने 20 अगस्त 2025 को थाने में आवेदन देकर घटना की शिकायत दर्ज कराई थी।

क्या है पूरा मामला?

पीड़िता के अनुसार, उनके घर के आंगन के पास लगा घास संतोष यादव के भैंस द्वारा खाया जा रहा था। जब उन्होंने भैंस को हटाने को कहा, तो संतोष यादव पिता सुखारी यादव ने गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़िता के पति द्वारा विरोध करने पर संतोष यादव ने लाठी से उनके पति के कनपटी पर जोरदार वार किया, जिससे कान से खून निकलने लगा।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद रोहित यादव पिता संतोष यादव, विजय यादव पिता शिवन यादव तथा मंगल यादव पिता गखिन यादव, सभी निवासी शेखपुरा वहाँ पहुँचे और सामूहिक रूप से लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे। हमले में पीड़िता के पति का दाहिना हाथ टूट गया। घटना के दौरान जाति-सूचक शब्दों का प्रयोग भी किया गया। हल्ला सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुँचे और किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया।

FIR दर्ज, मामला SC/ST एक्ट के तहत

घटना के आधार पर नीमचक बथानी थाना कांड संख्या 179/25, दिनांक 20.08.2025 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। मामला SC/ST एक्ट से सम्बंधित होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है।

छापामारी अभियान, एक आरोपी गिरफ्तार

लंबित मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने इस कांड में संलिप्त एक आरोपी विजय यादव, पिता शिवन यादव, निवासी बाराटिल्हा, नीमचक बथानी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है और जल्द ही अन्य अभियुक्त भी गिरफ्त में होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page