राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर गयाजी व्यवहार न्यायालय में बैठक सम्पन्न
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 फरवरी 2026,
गयाजी; National Legal Services Authority, नई दिल्ली तथा Bihar State Legal Services Authority के निर्देश पर 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर गयाजी व्यवहार न्यायालय में सभी न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार मदन किशोर कौशिक ने की। उन्होंने बताया कि पटना उच्च न्यायालय के निर्देश पर यह बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला न्यायमंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सुलहनीय मामलों के निष्पादन पर जोर
बैठक के दौरान राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन को लेकर रणनीति तैयार की गई। न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सुलहनीय मामलों को चिन्हित कर संबंधित पक्षकारों को समय पर नोटिस तामील कराएं, ताकि 14 मार्च को होने वाली लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों का निपटारा हो सके।
पीएलवी को नोटिस तामील की जिम्मेदारी
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविंद कुमार दास ने बताया कि वर्ष 2026 की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत 14 मार्च को आयोजित होगी। इसे सफल बनाने के लिए प्रत्येक न्यायालय में पारा विधिक स्वयंसेवकों (PLV) को नोटिस तैयार करने और पक्षकारों तक पहुंचाने के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक सुलहनीय वादों को चिन्हित कर नोटिस तैयार कर लिया गया है, जिन्हें पारा विधिक स्वयंसेवकों एवं संबंधित थाना के माध्यम से तामील कराया जाएगा।
त्वरित और सौहार्दपूर्ण न्याय की पहल
राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आपसी सहमति से मामलों का त्वरित और कम खर्च में निपटारा करना है, जिससे न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम हो सके और आम लोगों को शीघ्र न्याय मिल सके।