पटवा टोली व शहर के विभिन्न इलाकों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

0
1769092979006.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 जनवरी 2026,

गयाजी; नगर निगम के नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने जिला उद्योग महाप्रबंधक के साथ संयुक्त रूप से मानपुर पटवा टोली स्थित पावरलूम एवं हैंडलूम क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बुनकरों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उद्योग को और सशक्त बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की। नगर आयुक्त ने कहा कि पटवा टोली गयाजी की पहचान है और यहां की व्यवस्था को सुदृढ़ करना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है।

बुनकरों से सीधा संवाद, समस्याओं के समाधान का भरोसा

निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त एवं जिला उद्योग महाप्रबंधक ने स्थानीय बुनकरों से सीधे संवाद किया। बुनकरों ने बिजली, साफ-सफाई, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और समन्वय के साथ समाधान का आश्वासन दिया।

साफ-सफाई व नाला ढक्कन को लेकर सख्त निर्देश

पटवा टोली क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए कई स्थानों पर नालों के टूटे ढक्कन पाए गए। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी टूटे ढक्कनों का शीघ्र निर्माण कराने का निर्देश दिया। साथ ही पूरे क्षेत्र में नियमित सफाई सुनिश्चित करने हेतु विशेष अनुश्रवण का निर्देश स्वच्छता पदाधिकारी को दिया गया।

बंद स्ट्रीट लाइटों पर नाराजगी, तत्काल सुधार के आदेश

क्षेत्र में कई स्ट्रीट लाइटें बंद पाए जाने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नगर निगम के विद्युत विभाग के पदाधिकारी गौरव सिन्हा को निर्देश दिया कि सभी खराब लाइटों को अविलंब दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से सुरक्षा और नागरिक सुविधा दोनों में वृद्धि होगी।

लक्ष्मी पार्क को संवारने की योजना

नगर आयुक्त ने पटवा टोली स्थित लक्ष्मी पार्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क के चारों ओर स्ट्रीट लाइट एवं तिरंगा लाइट लगाने का निर्देश दिया, ताकि पार्क की सुंदरता बढ़े और शाम के समय नागरिकों को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।

मिर्जा गालिब कॉलेज रोड पर वेंडिंग जोन विकसित करने के निर्देश

इसके बाद नगर आयुक्त ने मिर्जा गालिब कॉलेज रोड एवं आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मिर्जा गालिब कॉलेज के सामने तथा नाजरथ स्कूल के समीप वेंडिंग जोन विकसित करने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी ठेला विक्रेताओं को निर्धारित वेंडिंग जोन में ही व्यवसाय करना होगा, ताकि अतिक्रमण न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए विभागीय समन्वय

मिर्जा गालिब गोलंबर से डेल्हा पुल तथा क्रेन स्कूल रोड में विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर नए पोल लगाने एवं स्ट्रीट लाइट के माध्यम से प्रकाश व्यवस्था को पूर्ण रूप से सुदृढ़ करने का निर्देश भी दिया गया।

समय सीमा में कार्य पूर्ण करने का आदेश

नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने सभी संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि शहर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के एई-जेई, लोक स्वच्छता सहायक पदाधिकारी, विद्युत विभाग के पदाधिकारी गौरव सिन्हा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page