मानपुर सीताकुंड लूटकांड का खुलासा: पांच अभियुक्त गिरफ्तार, टोटो व मोबाइल बरामद
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 19 फरवरी 2026,
गयाजी; जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 29 जनवरी 2026 को मानपुर के सीताकुंड के पास हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। वादी के अनुसार वह टोटो से एक व्यक्ति को सीताकुंड के पास छोड़कर लौट रहे थे, तभी अज्ञात अपराधियों ने रास्ते में रोककर मारपीट की और नकद, मोबाइल तथा टोटो लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 98/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
विशेष टीम गठित कर शुरू की गई कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वजीरगंज के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में मुफस्सिल थाना पुलिस और तकनीकी शाखा गयाजी के पुलिसकर्मी शामिल किए गए।
मोबाइल बरामदगी से खुला पूरा नेटवर्क
तकनीकी अनुसंधान और आसूचना के आधार पर पुलिस ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव निवासी रंजीत कुमार को लूटी गई मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर डुमरीचट्टी गांव से युवराज कुमार को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने धरहरा गांव से बब्लू कुमार को गिरफ्तार किया। बब्लू की निशानदेही पर गुरपा थाना क्षेत्र के पुरानी बथानी में छापेमारी कर सिंटु कुमार को पकड़ा गया।
पूछताछ में सिंटु कुमार ने बताया कि लूटा गया टोटो राकेश कुमार को दिया गया था। इसके बाद वजीरगंज थाना क्षेत्र के चंदाखुर्द गांव में छापेमारी कर राकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया।
टोटो बरामद, आपराधिक इतिहास की जांच जारी
पुलिस ने वजीरगंज थाना क्षेत्र के तरवां गांव से लूटा गया टोटो बरामद कर लिया है। गिरफ्तार सभी पांच अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है, जबकि अन्य संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस के अनुसार कुछ गिरफ्तार अभियुक्तों पर पहले से भी चोरी, शराबबंदी उल्लंघन तथा अन्य आपराधिक मामलों के केस दर्ज हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. रंजीत कुमार, ग्राम श्रीरामपुर, थाना फतेहपुर
2. युवराज कुमार, ग्राम डुमरीचट्टी, थाना फतेहपुर
3. बब्लू कुमार, ग्राम धरहरा, थाना फतेहपुर
4. सिंटु कुमार, ग्राम पुरानी बथानी, थाना गुरपा
5. राकेश कुमार, ग्राम चंदाखुर्द, थाना वजीरगंज
बरामदगी
🔹टोटो वाहन – 01
🔹मोबाइल फोन – 01
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।