महाबोधि महाविहार वार्षिक कैलेंडर 2026 का हुआ विमोचन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 29 दिसंबर 2025,
गयाजी, सोमवार के दिन समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष बीटीएमसी बोधगया शशांक शुभंकर ने महाबोधि मंदिर का वार्षिक कैलेंडर 2026 जारी किया। बीटीएमसी द्वारा तैयार यह बहुप्रिष्ठीय कैलेंडर बोधगया की समृद्ध सांस्कृतिक व आध्यात्मिक विरासत को दर्शाता है। जिला पदाधिकारी ने बताया कि हाल के वर्षों में बीटीएमसी के नेतृत्व में मंदिर परिसर के विकास और यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य सम्पन्न हुए हैं। माननीय मुख्यमंत्री के निर्देश पर नया कार्यालय भवन, मंदिर व कार्यालय परिसर में सोलर ऊर्जा आधारित सिस्टम, तथा वृद्ध और दिव्यांग पर्यटकों की सहूलियत के लिए रैम्प का विस्तारीकरण जैसे कार्य प्रमुख हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कैलेंडर की विशेषताएँ
बीटीएमसी द्वारा जारी यह कैलेंडर 12 पृष्ठों में बोधगया व महाबोधि महाविहार के विविध आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक सौंदर्य को समेटे हुए है।
▫️मुखपृष्ठ – महाबोधि मंदिर की आकर्षक तस्वीर और वर्ष 2026 के महत्वपूर्ण आयोजनों की झलक।
▫️जनवरी – पवित्र गर्भगृह में विराजित भगवान बुद्ध की दिव्य प्रतिमा।
▫️फरवरी – महाविहार के शीर्ष पर स्थित स्वर्णिम छत्र, जो अलौकिक आभा बिखेरता है।
▫️मार्च – एलईडी रोशनी से सुसज्जित मंदिर का रात्रिकालीन दृश्य।
▫️अप्रैल – मंदिर परिसर का एरियल व्यू, जिसमें हरित क्षेत्र और निरंजना नदी की सुंदरता स्पष्ट झलकती है।
▫️मई – बोधिवृक्ष तले आयोजित पवित्र कठिन चीवर दान समारोह।
▫️जून – निरंजना नदी के पूर्वी तट से दिखते महाबोधि मंदिर एवं नदी में प्रतिबिंबित दिव्य छवि।
▫️जुलाई – पवित्र बोधिवृक्ष की जड़ें और बिछू फूलों का दृश्य।
▫️अगस्त – बोधिवृक्ष की टहनियों पर उभरते नए कोपलें।
▫️सितंबर – बोधिवृक्ष के नीचे श्वेत वस्त्र में विदेशी नागरिकों की श्रामणेर दीक्षा।
▫️अक्टूबर – महाबोधि मंदिर के उत्तर में स्थित रत्न-चंक्रमण चैत्य।
▫️नवंबर – मंदिर के ऊपरी तल्ले पर स्थित बोधिसत्व की पवित्र प्रतिमा।
▫️दिसंबर – मुख्य प्रवेश द्वार से मंदिर की भव्यता का विस्तृत चित्रण।
महाबोधि महाविहार का यह कैलेंडर न केवल बौद्ध धरोहर का दस्तावेज है, बल्कि बोधगया की आध्यात्मिक ऊर्जा और ऐतिहासिक महत्व का भी सुंदर प्रस्तुतीकरण है।
कार्यक्रम में उपस्थित रहे कई गणमान्य
कैलेंडर विमोचन के अवसर पर चीफ मोंक वेन. चालिन्दा भंते, वरीय भिक्खु वेन. डॉ. मनोज भंते, सचिव बीटीएमसी डॉ. महाश्वेता महारथी, सदस्य डॉ. अरविंद कुमार सिंह एवं डॉ. किरण लामा उपस्थित थे।
