मगध आईजी क्षत्रनील सिंह ने किया एसएसपी कार्यालय का निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 मार्च 2026,
गयाजी। मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) क्षत्रनील सिंह ने मंगलवार को गयाजी स्थित वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय का निरीक्षण किया। उनके आगमन पर वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया, जिसके बाद पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यालय की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक दक्षता और पारदर्शिता का आकलन करना था।
कार्यालय की विभिन्न शाखाओं और अभिलेखों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान आईजी ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों और कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान अपराध शाखा, लेखा शाखा, गोपनीय शाखा और रिकॉर्ड कक्ष सहित कई विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। सभी शाखा प्रभारियों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कार्यालय में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।
कुछ क्षेत्रों में संतोष, कुछ में सुधार की आवश्यकता
समीक्षा के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने कुछ क्षेत्रों में कार्य को संतोषजनक बताया, वहीं कुछ स्थानों पर सुधार की आवश्यकता भी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा आम जनता से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालय में अनुशासन, समयबद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है, जिससे पुलिस प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हो सके।
मॉर्डन तकनीकों के उपयोग पर दिया जोर
आईजी क्षत्रनील सिंह ने अभिलेखों के डिजिटलीकरण, कार्यों की बेहतर निगरानी और विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों के साथ बैठक कर की समग्र समीक्षा
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों और प्रशासनिक कार्यों की समग्र समीक्षा की। उन्होंने विश्वास जताया कि दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए गया पुलिस प्रशासन अपनी कार्यक्षमता को और बेहतर बनाएगा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
