गयाजी में श्री श्री 1008 माँ मथुरासिनी प्राण-प्रतिष्ठा सह शतचंडी महायज्ञ 25 फरवरी से

0
image_search_1771945432554.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी |गयाजी | 24 फरवरी 2026,

गयाजी: शहर के गोसाईबाग स्थित माहुरी वैश्य मंडल के तत्वावधान में श्री श्री 1008 माँ मथुरासिनी प्राण-प्रतिष्ठा सह शतचंडी महायज्ञ का भव्य आयोजन 25 फरवरी 2026 से 01 मार्च 2026 तक किया जाएगा। पांच दिवसीय इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में धार्मिक, सांस्कृतिक और वैदिक कार्यक्रमों की विस्तृत श्रृंखला आयोजित होगी, जिसमें शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

जलयात्रा के साथ होगा कार्यक्रम का शुभारंभ

आयोजन समिति के अनुसार 25 फरवरी को प्राण-प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में भव्य जलयात्रा निकाली जाएगी। जलयात्रा माहुरी वैश्य मंडल, गोसाईबाग (गुरुद्वारा रोड) से प्रारंभ होकर बाटा मोड़, टेकारी रोड, गोल पत्थर, जी.बी. रोड, कोतवाली चौराहा, टावर चौक और रमना रोड होते हुए पितामहेश्वर घाट पहुंचेगी, जहां पवित्र जल संग्रह किया जाएगा। इसके बाद जलयात्रा पुनः निर्धारित मार्ग से वापस आयोजन स्थल पहुंचेगी। इसी दिन मंडप प्रवेश, शतचंडी पाठ आरंभ, कर्मकुटी जलाधिवास एवं नियमित पूजा-अर्चना की शुरुआत होगी।

वैदिक अनुष्ठानों की रहेगी विशेष श्रृंखला

26 फरवरी को प्रातः 7 बजे से अरणी मंथन एवं अन्नाधिवास कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न किया जाएगा। वहीं 27 फरवरी को भव्य नगर भ्रमण एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें आकर्षक झांकियां, ध्वज-पताका और भजन-कीर्तन के माध्यम से भक्तिमय वातावरण बनाया जाएगा।

मुख्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह 28 फरवरी को

28 फरवरी को प्रातः 7 बजे से मुख्य प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें तत्व न्यास, प्रतिमा न्यास एवं माँ मथुरासिनी की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार इस दिन विशेष पूजा-अर्चना में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

पूर्णाहुति और कन्या पूजन के साथ होगा समापन

01 मार्च को हवन पूर्णाहुति, कन्या पूजन और प्रसाद वितरण के साथ महायज्ञ का समापन होगा। साथ ही प्रतिदिन संध्या 7 बजे से धार्मिक प्रवचन का आयोजन भी किया जाएगा। माहुरी वैश्य मंडल एवं आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं और नगरवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक आयोजन में भाग लें और पुण्य लाभ प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page