आर्यावर्त वाणी | लखीसराय | 06 नवंबर 2025,
लखीसराय: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण के तहत लखीसराय जिले में आज शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से मतदान की प्रक्रिया जारी रही। इस बीच हलसी प्रखंड के प्रतापपुर पंचायत अंतर्गत खुरयारी गांव से एक चौंकाने वाली खबर आई, जहां बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर कथित पथराव और विरोध प्रदर्शन की सूचना मीडिया में तेजी से फैली।
हालांकि, प्रशासन ने मौके पर पहुँचकर स्थिति की वास्तविकता स्पष्ट की। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुँचे और जांच के बाद बताया कि उपमुख्यमंत्री की गाड़ी पर पथराव नहीं बल्कि गोबर फेंका गया था।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, खुरयारी गांव के ग्रामीणों ने स्थानीय विकास कार्यों में देरी, विशेषकर सड़क निर्माण और जलजमाव की समस्या को लेकर नाराजगी जताई। इसी के विरोध में उन्होंने उपमुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी और प्रतीकात्मक विरोध किया।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस घटना के पीछे एक पार्टी विशेष के समर्थकों का हाथ बताया है। वहीं, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण रूप से जारी है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि “घटना स्थल पर विधि-व्यवस्था सामान्य है। किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।”